गोड्डा
आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
गांधी मैदान में होगा ध्वजारोहण व मुख्य कार्यक्रम

स्कूली छात्र /छात्राओं के द्वारा प्रभात फेरी का होगा आयोज
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। समाहरणालय स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान उपायुक्त के द्वारा झंडोत्तोलन कार्यक्रम, मुख्य समारोह स्थल पर मंच का निर्माण, मुख्य समारोह स्थल के मंच पर बैठने की व्यवस्था, महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, मुख्य समारोह स्थल पर चिकित्सा व्यवस्था, आमंत्रण कार्ड का प्रकाशन एवं वितरण, प्रभात फेरी, परेड का आयोजन, राष्ट्रगान का पूर्वाभ्यास, स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद जवान के आश्रितों को सम्मानित, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित, मुख्य समारोह स्थल पर अग्निशमन की व्यवस्था, मुख्य समारोह स्थल पर ध्वनि विस्तारक यंत्र की व्यवस्था, मुख्य समारोह स्थल पर विधि-व्यवस्था, मुख्य समारोह स्थल पर पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था/ विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को इसकी तैयारी करने को लेकर कई दिशा-निर्देश दिए गए।
10 अगस्त से होगा परेड का पूर्वाभ्यास
बैठक में निर्णय लिया गया है कि आगामी 10 अगस्त पूर्वाह्न 07:00 बजे से परेड का पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह स्थल पर आरंभ किए जाएंगे। उक्त कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर सर्जेंट मेजर से विचार-विमर्श की गई। उक्त बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण कर ली जाएं तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि राष्ट्रीय पर्व का आयोजन भव्य, गरिमामय, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके। बैठक के दौरान आगामी स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर पुलिस अधीक्षक के द्वारा विधि व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डाला गया साथ ही साथ उन्होंने कहा कि आगामी 15 अगस्त को लेकर परेड का पूर्वाभ्यास मुख्य समारोह स्थल पर होगा। उनके द्वारा विधि व्यवस्था संधारण समेत कई बिंदओं पर भी चर्चा की गई एवं जरूरी दिशा -निर्देश दिए गए। बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं कमिटी के सदस्यों के द्वारा अपनी राय प्रकट की गई एवं उनके द्वारा दिए गए सुझाव को उपायुक्त के द्वारा सुनकर त्रुटियों मे सुधार लाने के निर्देश दिए गए।



