नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
रामपुरा (जालौन)। रामपुरा थाना पुलिस और एसओजी, सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में निनावली रोड स्थित जंगल क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनके एक साथी को पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस, चोरी का माल, नकदी और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
रामपुरा थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को देखते हुए पुलिस ने संदिग्ध अपराधियों की तलाश तेज कर दी थी। थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह के नेतृत्व में मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और शुक्रवार-शनिवार की रात पुलिस को सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक एक पुरानी एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल से रामपुरा-निनावली रोड के जंगल क्षेत्र में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही एसओजी/सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक रिंकू चैधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ संयुक्त घेराबंदी की गई। पुलिस के अनुसार रात लगभग 11.45 बजे निनावली पुल की ओर से एक बाइक पर सवार तीन युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वह घबरा गए और मोटर साइकिल मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान एक युवक बाइक से उतरकर खेतों की ओर भागा, जिसे पुलिस ने पीछा कर पकड़ लिया। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की। कुछ देर बाद तलाशी लेने पर दोनों आरोपी गोली लगने से घायल अवस्था में मिले। घायल आरोपियों की पहचान बृजेंद्र राजपूत पुत्र मथुरा प्रसाद (22 वर्ष) निवासी ग्राम बिलगांव पथरिया डेरा, थाना जलालपुर, जनपद हमीरपुर तथा विवेक राजपूत उर्फ इक्का पुत्र मुन्ना राजपूत (22 वर्ष) निवासी खड़ेही लोधन, थाना मुस्करा, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई। गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान सोनू यादव पुत्र लखन यादव (23 वर्ष) निवासी थाना चरखारी, जनपद महोबा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आपस में साथी अपराधी हैं और इनके विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, एक कटर, एक पेचकस, एक प्लास, तीन मोबाइल फोन, एक बैग, घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स बाइक, 12 हजार रुपए नकद, सोने का सूई-धागा तथा चांदी की दो जोड़ी पायल बरामद की हैं। बरामद सामान को हाल में हुई चोरी की घटनाओं से जोड़कर जांच की जा रही है। मुठभेड़ की सूचना पर एएसपी डॉ. ईशान सोनी और क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर घेराबंदी की थी। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में दो आरोपी घायल हुए और एक गिरफ्तार किया गया। सभी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की वारदातों में संलिप्तता की जांच जारी है।

