श्रावणी मेला-2026, उपायुक्त ने बासुकीनाथ टेंट सिटी का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
Shravani Mela 2026: Deputy Commissioner inspects Basukinath Tent City; issues necessary directives regarding facilities for pilgrims.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
दुमका। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल आयोजन एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने रविवार को बासुकीनाथ धाम स्थित टेंट सिटी एवं अन्य मेला क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा सहित विभिन्न मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने टेंट सिटी में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश देते हुए कहा कि रात्रि के समय श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी टेंटों में प्रतिदिन बेडशीट बदलने तथा साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। उपायुक्त ने पेयजल की पर्याप्त एवं निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, श्रद्धालुओं के लिए मोबाइल चार्जिंग रूम की समुचित व्यवस्था करने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे मेला अवधि के दौरान स्वच्छता व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित की जाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।


