कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य विभाग ने दुकानों पर लगाए QR कोड स्कैनर के स्टीकर
कांवड़ियों को स्कैनर से दुकानदार की पहचान और रेट लिस्ट की होगी जानकारी....

कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित ढाबों, होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों का QR कोड स्कैन कर सत्यापन अभियान शुरू किया गया है। ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। – कविता मीणा, डीएम
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
हापुड़ । कांवड़ यात्रा को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष अभियान चलाया गया है। हाईवे स्थित होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट की सघन जांच की जा रही है। कांवड़ मार्ग पर सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर QR कोड स्कैनर लगाए जा रहे हैं, ताकि कांवड़िए खाद्य गुणवत्ता या अन्य किसी शिकायत को मौके पर ही स्कैन कर शिकायत दर्ज करा सकें । विभाग ने ढाबा संचालकों को प्रतिष्ठान का सही नाम प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने और साफ-सफाई के मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम कविता मीणा ने बताया कि, कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन और खाद्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान शहर की सभी मीट की दुकानें बंद रखने के निर्देश दे दिए गए हैं। वहीं, यात्रा मार्ग पर स्थित शराब की दुकानों को भी तिरपाल से ढकने के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए यात्रा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।




