खैरथल
29 जुलाई को जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र द्वारा विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन शिविर का आयोजन
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल-तिजारा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, खैरथल-तिजारा के तत्वावधान में स्थानीय स्तर पर उद्यमियों, आढ़तियों, ट्रेडर्स, व्यापारियों एवं आमजन को राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी विभागीय योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता एवं मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया जाएगा।
यह शिविर कृषि उपज मंडी, खैरथल में 29 जुलाई 2026 को दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक आयोजित होगा। शिविर में उद्योग विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी। इनमें विश्वकर्मा युवा उद्यमी प्रोत्साहन योजना, डॉ. भीमराव अम्बेडकर उद्यम प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, आर्टीजन पहचान पत्र (कार्ड) योजना, राजस्थान एमएसएमई योजना, राजस्थान ट्रेड प्रमोशन पॉलिसी तथा रिप्स-2024 सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं।
शिविर के दौरान पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों को योजनाओं के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन देने के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र ने सभी उद्यमियों, आढ़तियों, ट्रेडर्स, व्यापारियों एवं आमजन से निर्धारित तिथि एवं समय पर शिविर में अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर राज्य सरकार की विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।


