सिंगरौली

बैढ़न बस स्टैंड की बदहाली

गड्ढों, अंधेरे और अव्यवस्था के बीच सफर करने को मजबूर यात्री

अंतरराज्यीय पहचान वाला बस स्टैंड सुविधाओं के लिए मोहताज, जिम्मेदार विभागों की कार्यप्रणाली पर उठ रहे सवाल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

सिंगरौली। जिला मुख्यालय बैढ़न का अंतरराज्यीय बस स्टैंड इन दिनों अपनी बदहाल व्यवस्था को लेकर चर्चा में है। मध्यप्रदेश के साथ उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़ और झारखंड जैसे राज्यों को जोड़ने वाला यह प्रमुख बस स्टैंड वर्षों से अव्यवस्थाओं से जूझ रहा है। शहर के प्रवेश द्वार की पहचान रखने वाले इस बस स्टैंड की स्थिति विकास के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।बस स्टैंड परिसर में जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए हैं, जिनमें बारिश का पानी भरने से यात्रियों और बस चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उखड़ी हुई सड़कें, बेतरतीब खड़े वाहन और जाम की स्थिति यहां की आम समस्या बन चुकी है। यात्रियों का कहना है कि रोजाना हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस महत्वपूर्ण स्थान पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव चिंता का विषय है।स्थानीय लोगों के अनुसार बस स्टैंड परिसर में ऑटो, हाथ ठेले और अन्य वाहन मनमाने तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे यात्रियों को आने-जाने में परेशानी होती है। यातायात व्यवस्था संभालने वाले विभागों की निष्क्रियता के कारण समस्या लगातार बनी हुई है।

शाम होते ही छा जाता है अंधेरा
यात्रियों ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम के बाद कई हिस्सों में अंधेरा छा जाता है। इससे महिला यात्रियों और परिवार के साथ सफर करने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना बनी रहती है। स्थानीय लोगों ने चोरी और विवाद जैसी घटनाओं की आशंका जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।नागरिकों का कहना है कि बस स्टैंड की बदहाली को लेकर कई बार मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से आवाज उठाई गई, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है। लोगों का आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभागों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

संयुक्त अभियान की मांग
स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग और पुलिस प्रशासन से संयुक्त अभियान चलाने की मांग की है। इसमें सड़क मरम्मत, अतिक्रमण हटाने, वाहन व्यवस्था सुधारने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने और यात्रियों की सुरक्षा के लिए नियमित निगरानी की व्यवस्था शामिल है।
लोगों ने बस स्टैंड परिसर में पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी दोहराई है। उनका कहना है कि अंतरराज्यीय महत्व रखने वाले इस बस स्टैंड की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होना आवश्यक है।हाल ही में प्रभारी मंत्री संपतिया उइके का सिंगरौली दौरा भी हुआ है। अब लोगों की नजर इस बात पर है कि आने वाले दिनों में शहर के प्रमुख प्रवेश द्वार माने जाने वाले बैढ़न बस स्टैंड की तस्वीर बदलती है या फिर समस्याएं पहले की तरह बनी रहती हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button