कानपुर
श्री मातृछाया गुरुकुल में गुरु पूर्णिमा पर 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने महाभोज में प्रसाद ग्रहण किया

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : पावन नगरी बिठूर स्थित श्री मातृछाया गुरुकुल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर सहस्र चंडी यज्ञ पूर्णाहुति, 1100 कन्याओं का पूजन एवं महाभोज का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों की भारी उपस्थिति ने आयोजन को दिव्य एवं आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान किया। कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण एवं हवन-पूजन के साथ हुआ। सहस्र चंडी यज्ञ की पूर्णाहुति के पश्चात 1100 कन्याओं और 100 लंगूरों का विधि-विधान से पूजन कर उन्हें भोजन, प्रसाद एवं उपहार प्रदान किए गए। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गुरुओं का सम्मान करते हुए भारतीय संस्कृति,गुरु-शिष्य परंपरा एवं सनातन मूल्यों के संरक्षण का संदेश दिया गया। श्री मातृछाया गुरुकुल के संस्थापक एवं रॉयल ग्रुप ऑफ एजुकेशन के चेयरमैन रोहित मिश्रा ने कहा कि गुरुकुल का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं,बल्कि ऐसे विद्यार्थियों का निर्माण करना है जो संस्कारी,राष्ट्रभक्त, आत्मनिर्भर तथा आधुनिक ज्ञान के साथ-साथ भारतीय संस्कृति एवं प्राचीन परंपराओं में भी दक्ष हों। उन्होंने बताया कि गुरुकुल में विद्यार्थियों को स्वावलंबी बनाने हेतु गौ-आधारित पवित्र उत्पादों के निर्माण एवं कौशल विकास का प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। इस अवसर पर गुरुकुल के संरक्षक स्नेह कुमार मिश्रा “रजोल मिश्रा”, ज्योतिषाचार्य आचार्य उमेश मिश्रा,सरस कथा वाचक आचार्य रविशंकर तथा आचार्य केशव अवस्थी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में गुरु-शिष्य परंपरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समाज से भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि बिठूर क्षेत्र के सभी प्रमुख विद्यालयों के विद्यार्थियों ने इसमें उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। इस भव्य आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने सहस्र चंडी यज्ञ की पूर्णाहुति में आहुति अर्पित कर माँ भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विशाल महाभोज एवं भंडारे का आयोजन किया गया,जिसमें 1100 कन्याओं सहित 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मातृछाया गुरुकुल परिवार ने समस्त क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन निरंतर किया जाता रहेगा,जिससे समाज में संस्कार,सेवा एवं सनातन मूल्यों का व्यापक प्रसार हो सके। आए हुए सभी ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे समाज में संस्कार,सेवा एवं आध्यात्मिक चेतना के प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर कार्यक्रम में शिल्पा मिश्रा,मोहित मिश्रा,कोमल मिश्रा,नेहा,निखिल बाजपेयी, अनीता बाजपेयी सहित अनेक गणमान्य नागरिक,सामाजिक कार्यकर्ता,गुरुकुल परिवार के सदस्य एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।



