Uncategorizedगोड्डा
माप-तौल एवं खाद्य सुरक्षा जागरूकता सह समाधान शिविर कार्यक्रम आयोजित
35 व्यवसायियों ने कराया रजिस्ट्रेशन एवं रेनुअल, ₹68,750 का राजस्व संग्रह

खाद्य सुरक्षा विभाग के अंतर्गत 3 नए रजिस्ट्रेशन एवं 1 लाइसेंस जारी
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। उपायुक्त लोकेश मिश्रा के निर्देशानुसार निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान राकेश कुमार एवं खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुश्री श्वेता अमृता लकड़ा द्वारा माप-तौल एवं खाद्य सुरक्षा जागरूकता सह समाधान शिविर का आयोजन सुभदा: बैंक्वेट हॉल में किया गया। शिविर का उद्देश्य माप-तौल अधिनियम एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम से संबंधित नियमों के प्रति व्यवसायियों एवं उपभोक्ताओं को जागरूक करना, लाइसेंस एवं पंजीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाना तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करना था। शिविर में उपस्थित अधिकारियों ने व्यवसायियों को विधिक माप विज्ञान अधिनियम, खाद्य सुरक्षा मानकों, उपभोक्ता अधिकारों, लाइसेंस एवं पंजीकरण की अनिवार्यता तथा विभागीय प्रावधानों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम के दौरान विधिक माप विज्ञान विभाग के अंतर्गत 35 लोगों द्वारा रजिस्ट्रेशन एवं रेनुअल कराया गया, जिसके माध्यम से ₹68,750 (अड़सठ हजार सात सौ पचास रुपये) की राजस्व राशि संग्रहित की गई।
इसी प्रकार निरीक्षक, विधिक माप विज्ञान राकेश कुमार ने व्यवसायियों से सभी माप-तौल उपकरणों का समय-समय पर सत्यापन एवं नवीकरण कराने तथा निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सही माप-तौल व्यवस्था उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा करने के साथ-साथ व्यापार में पारदर्शिता एवं विश्वास को भी मजबूत करती है। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग के अंतर्गत 3 नए खाद्य व्यवसाय पंजीकरण (Registration) किए गए तथा 1 खाद्य व्यवसायी को लाइसेंस (License) प्रदान किया गया। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी श्वेता अमृता लकड़ा ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने तथा सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया। जिला प्रशासन ने सभी व्यवसायियों एवं आम नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित अधिनियमों के प्रावधानों का पालन करें तथा समय-समय पर आयोजित ऐसे जागरूकता एवं समाधान शिविरों का लाभ उठाएं।



