जामताड़ा

भाजपा की जनसभा में “जय श्रीराम” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाने के बाद नावाडीह में तनाव का माहौल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जामताड़ा : भारतीय जनता पार्टी अल्पसंख्यक मोर्चा के जिलाध्यक्ष मौलाना अब्दुल रकीब रहमानी ने अपनी जान-माल एवं परिवार की सुरक्षा को लेकर पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को आवेदन सौंपकर पुलिस संरक्षण की मांग की है।
उनका दावा है कि भाजपा की जनसभा में “जय श्रीराम” और “वंदे मातरम्” के नारे लगाने के बाद उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद उनके गांव नावाडीह में तनाव का माहौल बन गया।
एसपी को दिए आवेदन में मौलाना रहमानी ने कहा है कि समाहरणालय के समीप आयोजित भाजपा के कार्यक्रम में नारेबाजी के बाद वीडियो वायरल होने पर गांव के कुछ लोग नाराज हो गए।
उनके अनुसार, गांव में उनका पुतला जलाया गया और बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचकर घेराव करने लगे। उस समय वह घर पर मौजूद नहीं थे, जबकि उनके परिवार के सदस्य घर में थे। परिजनों ने उन्हें फोन कर गांव के हालात की जानकारी दी और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई।
आवेदन में उन्होंने यह भी बताया कि उनके पिता का हाल ही में धनबाद में ऑपरेशन हुआ है और वे स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं। ऐसे में पूरा परिवार भय और तनाव के माहौल में है।
उन्होंने आरोप लगाया कि गांव के एक व्यक्ति ने फोन कर उन्हें अगले दिन सुबह नौ बजे गांव की बैठक में हर हाल में उपस्थित होने तथा वायरल वीडियो को लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगने को कहा।
उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में उन्हें बिना पुलिस सुरक्षा के गांव जाने पर किसी अप्रिय घटना की आशंका है। मौलाना रहमानी ने पुलिस अधीक्षक से स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा गांव जाने की स्थिति में पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button