गाजियाबाद

महाशिवरात्रि पर शिवभक्ति का सैलाब

लोनी बॉर्डर से होकर दिल्ली में प्रवेश करने लगे कांवड़िए, प्रशासन ने किए व्यापक इंतजाम

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर अपने आराध्य देव भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए मां गंगा का पवित्र जल लेकर कांवड़िए बड़ी संख्या में लोनी बॉर्डर के रास्ते दिल्ली की ओर प्रस्थान कर रहे हैं। रविवार को लोनी क्षेत्र में कांवड़ियों का आगमन तेज हो गया। विशेष रूप से राजस्थान की ओर जाने वाले सैकड़ों कांवड़िए इसी मार्ग से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पूरे कांवड़ मार्ग पर “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष से भक्तिमय वातावरण बना रहा।
कांवड़ यात्रा को सकुशल और व्यवस्थित संपन्न कराने के लिए प्रशासन और नगर पालिका परिषद द्वारा व्यापक व्यवस्थाएं की गई हैं। नगर पालिका परिषद लोनी की ओर से पूरे कांवड़ मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध हो सके। इसके साथ ही मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर चल शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है, जिससे कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
गाजियाबाद जिला प्रशासन ने भी कांवड़ यात्रा को लेकर विशेष तैयारियां की हैं। कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। पूरे मार्ग पर नोडल अधिकारियों की तैनाती की गई है, जो लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित कर रहे हैं।
पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है।
लोनी क्षेत्र में कांवड़ियों का आगमन लगातार बढ़ रहा है और आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में और अधिक वृद्धि होने की संभावना है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग का पालन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button