जालौन
कुठौंदा बुजुर्ग में कागजों पर खेल का मेदान बना, जमीन पर अस्तित्व नहीं
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
जालौन (उरई)। ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में कागजों पर खेल का मैदान बना है लेकिन धरातल पर इसका कोई अस्तित्व नहीं है।
ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम कुठौंदा बुजुर्ग में खेल मैदान के लिए सरकारी अभिलेखों में खेल के मैदान के निर्माण, कटीली तार लगाने और समतलीकरण के लिए बजट जारी कर दिया गया, धरातल पर उसका कोई वजूद ही नहीं है। ग्रामीण गजेंद्र सिंह सेंगर ने आरोप लगाया कि उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी। जब उन्होंने जानकारी की तो पता चला कि वित्तीय वर्ष 2024-2025 के सितंबर महीने में ग्राम पंचायत कुठौंदा बुजुर्ग में खेल का मैदान निर्माण, तार बाड़ लगाना और समतलीकरण व्यय दर्शाया गया है। यह कार्य राज्य के पांचवें वित्त आयोग के तहत कराया गया था। सरकारी दस्तावेजों के मुताबिक यह कार्य वर्ष 2022-2023 की योजना के तहत स्वीकृत किया था। जबकि सचिव का कहना है कि गांव में कोई खेल का मैदान नहीं है। बताया कि उन्होंने 18 जुलाई को गांव के खेल के मैदान की दो साल से सफाई नहीं होने से संबंधित शिकायत की थी। जिसके निस्तारण में यह चैंकाने वाली जानकारी सचिव द्वारा दी गई है कि गांव में कोई खेल का मैदान नहीं है। यदि गांव में खेल का मैदान नहीं है तो वह व्यय की गई धनराशि कहां खर्च हुई है इसकी जांच कराई जाए।

