कानपुर
सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनकी शिक्षा को अधिक प्रभावी
रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाना है: बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कानपुर : सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता एवं नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए सर्व समन्वय फाउंडेशन के सहयोग से सोमवार को बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) कार्यालय परिसर, कानपुर में प्रथम चरण में 50 सरकारी विद्यालयों को अमेज़न अलेक्सा डिवाइस वितरित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि बेसिक शिक्षा अधिकारी कानपुर हरिओम सिंह द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा सर्व समन्वय फाउंडेशन एवं अमेज़न की टीम ने सहभागिता की। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए उनकी शिक्षा को अधिक प्रभावी, रोचक एवं ज्ञानवर्धक बनाना है। मुख्य अतिथि हरिओम सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा को तकनीक से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अमेज़न अलेक्सा जैसे स्मार्ट उपकरण विद्यार्थियों में सीखने की रुचि बढ़ाने के साथ-साथ सामान्य ज्ञान,विज्ञान,गणित, अंग्रेज़ी,स्वास्थ्य,स्वच्छता एवं पर्यावरण जैसे विषयों की जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण एवं नवाचारी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों का लाभ मिलेगा। सर्व समन्वय फाउंडेशन के को-फाउंडर एवं एडवाइजर डॉ. आशुतोष मिश्रा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तकनीक का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि अमेजन अलेक्सा केवल एक डिजिटल डिवाइस नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सीखने का एक नया और इंटरैक्टिव माध्यम है। इसके माध्यम से बच्चे पढ़ाई से जुड़े प्रश्नों के उत्तर प्राप्त करने के साथ-साथ स्वास्थ्य, पोषण,स्वच्छता,पर्यावरण,जीवन कौशल तथा सामान्य ज्ञान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी आसानी से हासिल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल शिक्षकों को भी कक्षा शिक्षण को अधिक प्रभावी, संवादात्मक और आकर्षक बनाने में सहयोग प्रदान करेगी। कार्यक्रम के दौरान सभी चयनित विदयालयों के प्रतिनिधियों को अमेजन अलेक्सा डिवाइस प्रदान की गईं। साथ ही शिक्षकों को डिवाइस के संचालन उपयोग तथा कक्षा शिक्षण में इसके प्रभावी समावेश के संबंध में विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें बताया गया कि अलेक्सा का उपयोग प्रश्नोत्तरी,भाषा शिक्षण,विज्ञान एवं गणित के अभ्यास, कहानी-कविता,सामान्य ज्ञान,स्वास्थ्य संबंधी जानकारी तथा अन्य शैक्षणिक गतिविधियों में किया जा सकता है। इससे विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ेगी,सीखने की प्रक्रिया अधिक रोचक बनेगी तथा डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में तकनीक का समावेश भविष्य की आवश्यकता है। सर्व समन्वय फाउंडेशन एवं अमेज़न का यह संयुक्त प्रयास सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल संसाधनों से जोड़ने के साथ-साथ उनके समग्र बौद्धिक,शैक्षणिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही यह पहल सरकारी विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा,स्वास्थ्य जागरूकता और नवाचार की संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।



