उत्तरकाशी

हिमालयन हार्मनी परियोजना के अंतर्गत हर्षिल ग्राम सभा को कचरा संग्रहण वाहन किया गया हस्तांतरित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

उत्तरकाशी : हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन द्वारा संचालित एवं आनंदना (कोका कोला इंडिया फाउंडेशन) द्वारा वित्तपोषित परियोजना “हिमालयन हार्मनी” के अंतर्गत हर्षिल ग्राम सभा में स्थापित किए जा रहे मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) के प्रभावी संचालन हेतु आज एक महिंद्रा बोलेरो कचरा संग्रहण वाहन हर्षिल ग्राम सभा को औपचारिक रूप से हस्तांतरित किया गया।

इस अवसर पर हर्षिल ग्राम प्रधान सुचिता रौतेला , प्रधान जयवीर सिंह नेगी , पंचायत सचिव शदिगराज सिंह , उपप्रधान नंदन सिंह रावत सहित आसपास के अन्य गांवों के प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण एवं हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन की टीम उपस्थित रही।

कार्यक्रम के दौरान हर्षिल ग्राम सभा का लोगो भी लॉन्च किया गया, जो हर्षिल की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत एवं समृद्ध प्राकृतिक संपदा का प्रतीक है। इसके साथ ही “हर्षिल ग्राम सभा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन उपनियम–2026” का भी विधिवत लोकार्पण किया गया। इन उपनियमों का उद्देश्य ग्राम क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित एवं जनसहभागिता आधारित बनाना है। आशा व्यक्त की गई कि इन प्रयासों के माध्यम से हर्षिल ग्राम सभा भविष्य में पूरे प्रदेश के लिए एक आदर्श ग्राम सभा (मॉडल ग्राम सभा) के रूप में स्थापित होगी।

हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन की ओर से परियोजना प्रबंधक गौरव चौहान ने बताया कि फाउंडेशन का उद्देश्य स्थानीय समुदाय के सहयोग से हर्षिल क्षेत्र में एक सुदृढ़ एवं टिकाऊ ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली विकसित करना है। इसी उद्देश्य से ग्राम सभा को यह कचरा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराया गया है। यह वाहन गांव में नियमित रूप से घर-घर जाकर विशेष रूप से सूखे कचरे का संग्रहण करेगा। संग्रहित सूखे कचरे को हर्षिल स्थित एमआरएफ में वैज्ञानिक तरीके से छांटकर एवं प्रसंस्कृत कर अधिकृत रिसाइक्लिंग इकाइयों तक भेजा जाएगा।

उन्होंने बताया कि एमआरएफ के संचालन में ग्राम सभा की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है, ताकि स्थानीय समुदाय की सहभागिता से अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली दीर्घकालिक एवं आत्मनिर्भर बन सके।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान सुचिता रौतेला ने उपस्थित सभी लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हर्षिल ग्राम सभा, हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन की टीम के साथ मिलकर क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन का एक आदर्श मॉडल विकसित करेगी। उन्होंने कहा कि यह पहल अन्य ग्राम सभाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी, जिससे वे भी अपने क्षेत्रों में ऐसी व्यवस्थाओं को अपनाने के लिए आगे आएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी के सामूहिक प्रयासों से पूरी हर्षिल घाटी स्वच्छ, सुंदर एवं सतत बनी रहेगी तथा माँ भागीरथी की असीम कृपा सब पर बनी रहे।

उल्लेखनीय है कि हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन द्वारा इसी प्रकार का एक एमआरएफ सेंटर केदारनाथ में भी सफलतापूर्वक स्थापित एवं संचालित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त फाउंडेशन नगर पंचायत गंगोत्री के सहयोग से क्षेत्र में स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर जन-जागरूकता अभियान, क्षमता निर्माण (कैपेसिटी बिल्डिंग) कार्यशालाओं तथा विभिन्न सामुदायिक गतिविधियों का संचालन भी कर रहा है।

हीलिंग हिमालयाज फाउंडेशन ने विश्वास व्यक्त किया कि ग्राम सभा, स्थानीय समुदाय एवं प्रशासन के सहयोग से यह पहल हर्षिल क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर, पर्यावरण-अनुकूल एवं सतत विकास का एक प्रेरणादायक मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button