पाकुड़

NH-333A एवं पाकुड़ बाईपास सड़क परियोजनाओं की प्रगति की उपायुक्त ने की समीक्षा

Deputy Commissioner reviews progress of NH-333A and Pakur bypass road projects.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में NH-333A शिमलौंग–धरमपुर मोड़– लिट्टीपाड़ा–पाकुड़ पथ एवं शहरकोल से पियादापुर (पाकुड़ बाईपास) सड़क परियोजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में भूमि अधिग्रहण, मुआवजा भुगतान तथा निर्माण कार्य में आ रही बाधाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं कार्यदायी एजेंसियों से परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने विशेष रूप से प्रभावित रैयतों को मुआवजा राशि का भुगतान शिविर आयोजित कर समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि भुगतान प्रक्रिया में किसी भी पात्र रैयत को अनावश्यक परेशानी न हो। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करें। साथ ही भूमि अधिग्रहण एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। उपायुक्त ने कहा कि NH-333A एवं पाकुड़ बाईपास सड़क परियोजनाएं जिले के समग्र विकास, बेहतर आवागमन और क्षेत्रीय आर्थिक गतिविधियों को गति देने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया। बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, संबंधित विभागों के अधिकारी, भूमि अधिग्रहण से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यदायी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button