शामली

 हथछोया में बाइक चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

काटकर बेचे जा रहे थे मोटरसाइकिल के पार्ट्स

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
 चौसाना। थाना झिंझाना पुलिस ने वाहन चोरी की एक घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के कटे हुए विभिन्न पार्ट्स बरामद किए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार ग्राम हथछोया निवासी विकास पुत्र ओमपाल की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर HR-05Y-3134) 30 जून 2026 को गांव से चोरी हो गई थी। काफी तलाश के बाद पीड़ित को जानकारी मिली कि गांव का ही मुनव्वर उर्फ मनवार पुत्र जमशेद बाइक चोरी में शामिल है। इसके आधार पर थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को थाना झिंझाना पुलिस ने आरोपी मुनव्वर उर्फ मनवार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पहचान छिपाने और मोटरसाइकिल को बेचने के उद्देश्य से बाइक को काटकर अलग-अलग हिस्सों में बदल दिया था। उसने पार्ट्स को खेत और अन्य स्थानों पर प्लास्टिक के कट्टों में छिपा दिया, जबकि इंजन एक अज्ञात कबाड़ी को एक हजार रुपये में बेच दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो पहिए, क्षतिग्रस्त पेट्रोल टंकी, चेसिस फ्रेम, सीट, हैंडल, टूल बॉक्स, पिछला मडगार्ड, हेडलाइट, दोनों साइड कवर तथा मीटर सहित मोटरसाइकिल के कई कटे हुए पार्ट्स बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक विपिन मलिक, उपनिरीक्षक पूरन सिंह, हेड कांस्टेबल जगदीश कुमार, राहुल अहलावत तथा जयवीर सिंह की टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और इंजन खरीदने वाले कबाड़ी की भी तलाश की जा रही है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button