नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : अंकुर विहार थाना क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रोड पर रामपार्क की ओर बुधवार सुबह एक सड़क हादसे में ऑटो सवार एक बुजुर्ग व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि घटना में ऑटो चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा छोटा हाथी वाहन का टायर फटने के बाद उसके अनियंत्रित होने के कारण हुआ।
पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6:50 बजे दिल्ली-सहारनपुर रोड पर ऑटो चालक इश्तिहार पुत्र अब्दुल रहीम निवासी पावी, ट्रॉनिका सिटी अपने ऑटो संख्या यूपी-14 एसटी 2802 में सवारियां बैठा रहा था। इसी दौरान ट्रॉनिका सिटी की ओर से आ रहे छोटा हाथी वाहन संख्या यूपी-15 जीटी 1089 का अचानक टायर फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर ऑटो से जा टकराया।
टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो चालक इश्तिहार के अलावा उसमें सवार जयप्रकाश पुत्र अजब सिंह निवासी नाइपुरा, थाना लोनी बॉर्डर, उम्र करीब 65 वर्ष, रानी पत्नी संजय सैनी निवासी इंद्रापुरी, थाना लोनी बॉर्डर, उम्र करीब 40 वर्ष और सायदा पत्नी सलीम निवासी प्रेम नगर, थाना लोनी, उम्र करीब 40 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलने पर अंकुर विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। उपचार के दौरान जयप्रकाश की मौत हो गई। वहीं, अन्य तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जीटीबी अस्पताल, दिल्ली रेफर किया गया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मोर्चरी भेज दिया है। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था सामान्य है।

