बरेली
सावन के तीसरे-चौथे सोमवार को बेसिक स्कूलों में अवकाश की मांग
डायवर्जन से परेशान शिक्षक संघ ने जिला अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ जनपद बरेली इकाई ने सावन माह के तीसरे और चौथे सोमवार को पूरे जनपद के बेसिक स्कूलों में अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राजेश वर्मा को सौंपा। जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में संगठन ने पूर्व में दिए गए ज्ञापन का संज्ञान लेकर बदायूं रोड के ब्लॉकों में अवकाश घोषित करने पर जिले के समस्त शिक्षकों की ओर से आभार भी व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष जितेंद्र गंगवार ने बताया कि बीते दूसरे सोमवार को सुरक्षा कारणों से जनपद में जगह-जगह डायवर्जन लगा दिए गए थे। नवाबगंज रोड और बीसलपुर रोड से आने-जाने वाले शिक्षकों को मुख्य मार्ग से स्कूल नहीं जाने दिया गया। वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगी रही। कई स्थानों पर महिला शिक्षकों और पुलिसकर्मियों के बीच नोकझोंक के बाद ही उन्हें स्कूल जाने की अनुमति मिल सकी। मंत्री रुचि सैनी ने कहा कि यदि शिक्षकों के स्कूल जाने के मार्ग ही बंद कर दिए जाएंगे तो वे विद्यालय कैसे पहुंचेंगे। बरसात के कारण गांवों के कच्चे रास्ते पहले से ही खराब हैं। तीसरे और चौथे सोमवार को जनपद में कांवड़ियों की संख्या और बढ़ने का अनुमान है, जिससे और अधिक डायवर्जन लगेंगे और शिक्षकों को आने-जाने में भारी दिक्कत होगी।
जिला मंत्री गिरजेश कुमार ने बताया कि बदायूं, रामपुर, पीलीभीत और शाहजहांपुर में सावन माह के सभी शनिवार एवं सोमवार को पूरे जिले का अवकाश घोषित किया जा चुका है। संगठन ने मांग की है कि बरेली में भी सावन के तीसरे और चौथे सोमवार को सभी विद्यालयों में अवकाश किया जाए ताकि शिक्षक-शिक्षिकाओं को असुविधा न हो।




