बरेली
सफाई में लापरवाही पर 5 फर्मों पर 95 हजार का जुर्माना
नगर आयुक्त ने बैठक में दिए कड़े निर्देश, सफाई निरीक्षकों-नायकों को प्रतिकूल प्रविष्टि

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। नगर आयुक्त की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था का गहन मूल्यांकन किया गया।
समीक्षा में पाया गया कि पीलीभीत बाईपास से संजय नगर मार्ग, सैटेलाइट से वनखण्डीनाथ मंदिर मार्ग, कुदेशिया फाटक से लल्ला मार्केट मार्ग और मिनी बाईपास मार्ग पर नियमित सफाई नहीं हो रही है। क्षेत्रों में जगह-जगह गंदगी मिली और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन एजेंसियों द्वारा भी नियमित रूप से कूड़ा एकत्रित नहीं किया जा रहा।
इस पर नगर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित फर्मों पर जुर्माना लगाया।
मै0 पी0पी0पी0 सिक्योरिटी पर 30,000/- रुपये, मै0 आयुषी हाईजिन एण्ड केयर प्रा0लि0 पर 10,000/- रुपये, मै0 अवर ड्रीम पर 20,000/- रुपये, मै0 कोणार्क ग्लोवल पर 20,000/- रुपये और मै0 कय्यूम ठेकेदार पर 15,000/- रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। फर्मों को चेतावनी दी गई कि यदि सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन न बढ़ाने पर सभी सफाई निरीक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं बनखण्डिनाथ, संजय नगर और डीडी पुरम के सफाई नायक को वार्ड की सफाई सही से न करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने तथा संबंधित सफाई इंस्पेक्टर को भी प्रतिकूल प्रविष्टि देने के आदेश हुए।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी, उप नगर स्वास्थ्य अधिकारी, जोनल ऑफिसर और सभी सफाई इंस्पेक्टरों को शहर की सफाई व्यवस्था में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए। सभी को नियमित भ्रमण कर नागरिकों से संवाद बनाने और फीडबैक लेकर अपेक्षित सुधार करने को कहा गया।



