गोड्डा
डीआरडीए सभागार में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। डीआरडीए स्थित सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त लोकेश मिश्रा की अध्यक्षता में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, गोड्डा अंतर्गत गोड्डा एवं महागामा अनुमंडल के विभिन्न प्रखंडों में संचालित ग्रामीण विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंडवार योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों, लक्ष्य के विरुद्ध उपलब्धि तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान मनरेगा के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रखंडवार समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मानव दिवस सृजन, योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों तथा श्रमिकों को समय पर रोजगार उपलब्ध कराने से संबंधित बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को मनरेगा के माध्यम से रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा योजनाओं का क्रियान्वयन निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप सुनिश्चित हो। पोटो हो खेल मैदान योजना की समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने निर्माणाधीन एवं लंबित खेल मैदानों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि खेल मैदानों से संबंधित कार्यों को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण कराते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं एवं बच्चों को बेहतर खेल सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जाए।
बैठक में बिरसा कूप संवर्धन योजना की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजना के अंतर्गत स्वीकृत एवं संचालित कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभुकों तक योजना का लाभ पहुंचाने तथा निर्माण कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण कराने का निर्देश दिया। उन्होंने जल संरक्षण एवं सिंचाई की सुविधा को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए योजनाओं के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान देने की बात कही। इसी क्रम में पोषण वाटिका से संबंधित कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने कहा कि पोषण वाटिका का उद्देश्य ग्रामीण परिवारों एवं संबंधित संस्थानों में पोषणयुक्त खाद्य पदार्थों की उपलब्धता को बढ़ावा देना है। इसके लिए योजनाओं का धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा लाभुकों को इसके उपयोग एवं रखरखाव के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में मानव योजना ग्रामीण सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित प्रखंडों से योजना की वर्तमान स्थिति, उपलब्धि एवं लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि योजनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्थल निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का अनुश्रवण करने को कहा।
अबुआ आवास योजना की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने स्वीकृत आवासों की प्रगति, निर्माण की वर्तमान स्थिति तथा लंबित आवासों की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों को आवास निर्माण में आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए प्रखंड स्तर से नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
इसके अलावा 15वें वित्त आयोग एवं पंचायती राज अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं की प्रगति, पूर्ण एवं लंबित योजनाओं तथा उपलब्ध राशि के उपयोग की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायतों में संचालित विकास योजनाओं का चयन स्थानीय आवश्यकता एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उपायुक्त लोकेश मिश्रा ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्रामीण विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी पदाधिकारी एवं कर्मी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा, योजनाओं का स्थल निरीक्षण, कार्यों की गुणवत्ता की निगरानी तथा लाभुकों को समय पर योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। साथ ही, योजनाओं की प्रगति में आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान करते हुए कार्यों को गति देने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उप विकास आयुक्त विस्पुते श्री कांत यशवंत सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी, संबंधित प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, बीपीओ एवं ब्लॉक कोर्डिनेटर उपस्थित थे।



