गोड्डा
खनिज संशोधन विधेयक के विरोध में गोड्डा में राजद ने निकाला मशाल जुलूस
केंद्र सरकार से कानून वापस लेने की मांग

मशाल जुलूस लेकर शहर में किया परिक्रमा
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में राष्ट्रीय जनता दल राजद की ओर से गोड्डा में केंद्र सरकार के खिलाफ मशाल जुलूस निकाला गया। यह जुलूस गोड्डा जिला राजद कार्यालय से शुरू होकर शहीद स्थल, कारगिल चौक तक पहुंचा। इस दौरान राजद के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। मशाल जुलूस के दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और खनिज विकास एवं विनियमन संशोधन विधेयक 2026 को वापस लेने की मांग की। कहा कि यह विधेयक झारखंड जैसे खनिज संपदा से समृद्ध राज्य के हितों के खिलाफ है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। मौके पर राजद के प्रदेश महासचिव सह कार्यकारी जिला अध्यक्ष धनंजय यादव ने कहा कि केंद्र सरकार को यह कानून वापस लेना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक खान एवं खनिज विकास विनियमन संशोधन विधेयक 2026 को वापस नहीं लिया जाता, तब तक राजद का आंदोलन लगातार जारी रहेगा। धनंजय यादव ने कहा कि राजद कार्यकर्ता इस विधेयक के खिलाफ चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोगों के अधिकार और राज्य के हितों की रक्षा के लिए पार्टी सड़क से लेकर हर स्तर तक संघर्ष करने के लिए तैयार है। उन्होंने केंद्र सरकार से मांग की कि जनभावनाओं को देखते हुए इस विधेयक को तत्काल वापस लिया जाए। मशाल जुलूस में राजद के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे। कार्यकर्ताओं ने हाथों में मशाल लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया और विधेयक वापस लेने की मांग को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। राजद नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि केंद्र सरकार विधेयक वापस नहीं लेती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



