
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद : लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में पूर्व भाजपा पार्षद प्रमोद कुशवाहा ने अपनी कार पर बाइक सवार दो युवकों द्वारा जान से मारने की नीयत से फायरिंग किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के संबंध में उन्होंने लोनी बोर्डर थाने पर अपनी तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने, आरोपियों की गिरफ्तारी और स्वयं व परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं, पुलिस इस मामले को फिलहाल संदिग्ध मानकर विभिन्न पहलुओं से जांच करने की बात कह रही है।
लोनी बोर्डर थाने पर दिए अपने शिकायती पत्र में प्रमोद कुशवाहा ने बताया कि वह 22 जनवरी की रात करीब 11 बजे करावल नगर, दिल्ली स्थित अपनी ससुराल से ब्रेजा कार से पूजा कॉलोनी स्थित अपने घर लौट रहे थे। लालबाग चौकी क्षेत्र में मूवी मैजिक सिनेमा हॉल के पास पहुंचने पर पीछे से आए दो बाइक सवार युवकों ने उनकी कार को ओवरटेक किया और कथित तौर पर कार पर फायरिंग कर दी। उनका दावा है कि दो गोलियां उसकी कार में लगीं और हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
घटना के तत्काल बाद पुलिस को 112 नंबर पर सूचना दिए जाने की बात भी तहरीर में कही गई है। प्रमोद कुशवाहा ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सुरक्षित कराने, कार में लगी गोलियों व अन्य
साक्ष्यों की जांच कराने तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने की मांग की है।
प्रमोद कुशवाहा का कहना है कि घटना के बाद वह और उनका परिवार भयभीत हैं तथा उन्हें भविष्य में भी हमले की आशंका है। उन्होंने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और हथियार बरामद करने के साथ सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि मामले में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है और घटनाक्रम फिलहाल संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस घटनास्थल, कार, कथित फायरिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वास्तव में फायरिंग की घटना हुई थी या मामले के पीछे कोई अन्य तथ्य है।
फिलहाल पुलिस की जांच जारी है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।

