बेतुल
बैतूल जमजम वेलफेयर सोसाइटी ने कराया 11 जोड़ों का सामूहिक निकाह
उमरी शरीफ में आयोजित हुआ कार्यक्रम, नवविवाहित जोड़ों को घरेलू उपयोग की सामग्री भेंट

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जमजम वेलफेयर सोसाइटी, बैतूल द्वारा मिलादुन्नबी के अवसर पर उमरी शरीफ स्थित हजरत बाबा रहमान शाह दुल्हा की दरगाह शरीफ पर सामूहिक निकाह समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 11 जोड़ों का सामूहिक निकाह कराया गया।
जमजम वेलफेयर सोसाइटी की ओर से नवविवाहित दुल्हनों को अलमारी, पलंग-बिस्तर, बर्तन, कुरान शरीफ सहित अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री भेंट की गई। निकाह के बाद सभी मेहमानों एवं परिजनों के लिए भोजन की व्यवस्था भी संस्था द्वारा की गई।
इस अवसर पर जामा मस्जिद कोठी बाजार के पेश इमाम जावेद चिश्ती साहब ने कहा कि जमजम वेलफेयर सोसाइटी द्वारा किया जा रहा यह कार्य नेक और सराहनीय पहल है। उन्होंने समाज के लोगों से निकाह को आसान बनाने की अपील करते हुए कहा कि अनावश्यक खर्च और दिखावे से बचते हुए सादगी से निकाह किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी संदेश दिया कि निकाह के बाद सभी दूल्हे शीघ्र अपनी दुल्हन का मेहर अदा करें।
उन्होंने समाज के लोगों से जमजम वेलफेयर सोसाइटी के इस सामाजिक कार्य में आगे बढ़कर सहयोग करने की अपील की। 11 जोड़ों का निकाह आशिक मौलाना साहब द्वारा पढ़ाया गया।
सामूहिक निकाह में शामिल दूल्हा-दुल्हन के परिजनों ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस आयोजन से बेटा-बेटी के विवाह का आर्थिक बोझ काफी कम हुआ है। उन्होंने कहा कि संस्था द्वारा गरीब परिवारों के लिए किया जा रहा यह कार्य बेहद सराहनीय है।
जमजम वेलफेयर सोसाइटी के तौसीफ बेग ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज में यह संदेश देना है कि जिन गरीब परिवारों की बेटियों के निकाह आर्थिक कारणों से नहीं हो पाते, उनके लिए समाज के लोग आगे आएं और ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। उन्होंने बताया कि सोसाइटी द्वारा पिछले तीन वर्षों से सामूहिक निकाह का आयोजन किया जा रहा है, जिसकी जिले के साथ-साथ प्रदेशभर में सराहना हो रही है।



