शामली

 50 हजार के इनामी अंतरराज्यीय लुटेरे जाकिर को झिंझाना पुलिस और एसटीएफ ने दबोचा

मोबाइल लूट के मामले में लंबे समय से था वांछित, गाजियाबाद-दिल्ली समेत कई जिलों में दर्ज हैं 20 मुकदमे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
  चौसाना। झिंझाना पुलिस और एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्ध नगर की संयुक्त कार्रवाई में मोबाइल लूट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अंतरराज्यीय अभियुक्त जाकिर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दिल्ली, गाजियाबाद, बागपत और शामली समेत विभिन्न स्थानों पर लूट, चोरी, हथियार और गैंगस्टर एक्ट से जुड़े 20 मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस ने बड़ी सफलता माना है।
पुलिस के मुताबिक 5 नवंबर 2025 को झिंझाना कस्बे के ऊन रोड निवासी संजय बिंदल से कार सवार बदमाशों ने मोबाइल लूट लिया था। पीड़ित की तहरीर पर थाना झिंझाना में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान उजैफा, याहिया, रिहान और जाकिर के नाम सामने आए।
पुलिस कार्रवाई में उजैफा को कैराना पुलिस ने 25 दिसंबर 2025 को तथा याहिया को कांधला पुलिस ने 16 जनवरी 2026 को गिरफ्तार किया था। वहीं 5 फरवरी 2026 को शामली कोतवाली और आदर्श मंडी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार के इनामी रिहान की पुलिस मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में घायल होने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद जाकिर की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे।
इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान झिंझाना पुलिस और एसटीएफ यूनिट गौतमबुद्ध नगर ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जाकिर पुत्र शमशाद निवासी न्यू सीमापुरी, डी-11, नियर बारात घर, पूर्वी दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी वीरेंद्र कसाना ने बताया की पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार जाकिर के खिलाफ वर्ष 2018 से 2025 तक 20 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें कई मामले लूट और चोरी के हैं, जबकि एक मामले में गैंगस्टर्स एक्ट तथा अन्य मामलों में आर्म्स एक्ट और गंभीर धाराएं भी शामिल हैं।
गिरफ्तार करने में थाना झिंझाना प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र कसाना, एसटीएफ उपनिरीक्षक दीपक कुमार सहित एसटीएफ गौतमबुद्ध नगर और झिंझाना पुलिस की टीम शामिल रही। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button