दिल्ली

ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए एनडीएमसी ने तेज की तैयारियां

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो

नई दिल्ली । आगामी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) ने निर्बाध नागरिक सेवाओं, चौबीसों घंटे स्वच्छता और व्यापक सौंदर्यीकरण के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की है। एनडीएमसी अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी ने समीक्षा बैठक के बाद इसकी जानकारी दी।

तैयारियों के तहत 41 प्रमुख सड़कों को 14 सर्किलों में बांटकर प्रत्येक के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। 15 स्थानों पर फ्लोरल बोर्ड, 9 स्थानों पर फ्लोरल फाउंटेन और 17 राउंडअबाउट पर विशेष सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
9 से 14 सितंबर तक अतिरिक्त स्वच्छता कर्मचारियों और विशेष रात्रि टीमों की तैनाती होगी। मशीनों से गहन सफाई, अस्थायी डस्टबिन और मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था के साथ आवारा पशुओं को हटाने की कार्रवाई भी की जाएगी।

एनडीएमसी सड़कों, फुटपाथों, स्ट्रीट लाइट, सार्वजनिक शौचालयों और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त रखेगी। 154 डिजिटल स्क्रीन और करीब 83 शौचालयों पर ब्रिक्स ब्रांडिंग प्रदर्शित की जाएगी।

इसके अलावा एम्बुलेंस और मेडिकल टीमों की तैनाती, खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, मच्छर नियंत्रण, जलभराव रोकने के उपाय और अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। ब्रिक्स बाजार, ब्रिक्स रन एंड राइड, ब्रिक्स म्यूरल एवं पेंटिंग और ब्रिक्स फूड फेस्टिवल के लिए भी विशेष नागरिक व्यवस्थाएं की गई हैं।

एनडीएमसी का समर्पित कमांड एंड कंट्रोल सेंटर चौबीसों घंटे नागरिक सेवाओं की निगरानी करेगा। सीसीटीवी, फील्ड रिपोर्ट और वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के जरिए कमियों का तत्काल समाधान किया जाएगा। परिषद दिल्ली पुलिस, विदेश मंत्रालय, दिल्ली सरकार और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय कर सम्मेलन के दौरान नई दिल्ली को स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए रखने की तैयारी कर रही है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button