दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में रक्तदान महाअभियान आयोजित

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली। राजौरी गार्डन स्थित ब्रह्माकुमारी आश्रम में राजयोगिनी दादी प्रकाशमणि , पूर्व मुख्य प्रशासिका, ब्रह्माकुमारीज़ की पुण्य स्मृति में अखिल भारतीय स्तर पर रक्तदान महाअभियान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नेशनल अकाली दल के अध्यक्ष एवं ‘एंग्री मैन’ के खिताब से सम्मानित परमजीत सिंह पम्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर राजौरी गार्डन सेवाकेंद्र की डायरेक्टर बीके शक्ति दीदी, बीके रोहित भाई, बीके सीमा दीदी और बीके डॉ. ललिता दीदी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
बीके शक्ति दीदी ने बताया कि दादी प्रकाशमणि की पुण्य स्मृति में देशभर में सेवा, स्वास्थ्य और मानव कल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आयोजित रक्तदान शिविर में सीके बिरला हॉस्पिटल की ओर से मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप लगाया गया, जबकि लायंस ब्लड सेंटर ने ब्लड बैंक का सहयोग प्रदान किया। लोगों ने स्वास्थ्य जांच कराने के साथ रक्तदान कर मानव सेवा में योगदान दिया।
इस अवसर पर परमजीत सिंह पम्मा ने कहा कि रक्तदान महादान है और किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने से बड़ा मानव सेवा का कार्य कोई नहीं हो सकता। दादी प्रकाशमणि जी ने सदैव मानवता, सेवा और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी पुण्य स्मृति में आयोजित यह अभियान समाज को सेवा और परोपकार के लिए प्रेरित करता है।
पम्मा ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी व्यक्ति को कभी भी पड़ सकती है और रक्त किसी फैक्ट्री में नहीं बनता, बल्कि एक इंसान ही दूसरे इंसान को रक्त दे सकता है। उन्होंने युवाओं समेत सभी स्वस्थ लोगों से आगे बढ़कर रक्तदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकता है।
कार्यक्रम के अंत में ब्रह्माकुमारी आश्रम के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों, चिकित्सकों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया। शिविर में लोगों की भागीदारी ने मानव सेवा, परोपकार और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रेरणादायी संदेश दिया।



