झुंझुनू
स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीरों से सजे राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन
गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर की प्रतिभाओं का होगा सम्मान

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
झुंझुनूं सूरजगढ़। राष्ट्रीय साहित्यिक, सांस्कृतिक व सामाजिक संस्थान आदर्श समाज समिति इंडिया के तत्वावधान में बजरंग लाल गाँधी स्मृति दिवस के अवसर पर 1 सितंबर 2026 को होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित आयोजित होने वाले कार्यक्रम गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह के पोस्टर का विमोचन राष्ट्रीय सरपंच संघ की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं काजड़ा प्रशासक मंजू तंवर के नेतृत्व में किया गया। पोस्टर विमोचन के अवसर पर आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी, कार्यक्रम आयोजन समिति की प्रमुख सदस्य सुनील गाँधी, पूजा स्वामी, राय सिंह शेखावत, सुमन मेघवाल, माया कुमावत, सुरेश सिंह शेखावत, रामप्रताप कटारिया, मंजू कुमावत, सरजीत कुमावत, विनोद शर्मा, अशोक कुमावत एवं धर्मेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पोस्टर का विमोचन करते हुए मंजू तंवर ने कहा कि गाँधी जीवन दर्शन पर आधारित यह राष्ट्रीय कार्यक्रम सेवा, सादगी, राष्ट्रप्रेम, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा देने वाला आयोजन है। आदर्श समाज के प्रणेता एवं समाजसेवी-स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय बजरंग लाल गाँधी की स्मृति में आयोजित होने वाले इस समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड से सम्मानित किया जायेगा। मंजू तंवर ने कहा कि यह आयोजन समाज के सभी वर्गों को जोड़ने तथा सेवा और सद्भाव का संदेश देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि समारोह में शिक्षा, चिकित्सा, न्याय, शांति, स्वच्छता, हस्तकला, पर्यावरण, कला एवं संस्कृति, विज्ञान एवं अनुसंधान, साहित्य एवं पत्रकारिता, नृत्यकला, योग, संगीत, खेल, राष्ट्रसेवा एवं समाजसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जायेगा। समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से लेखक, कवि, साहित्यकार, पत्रकार, कलाकार और समाजसेवी भाग लेंगे। पोस्टर की विशेषता बताते हुए आयोजन समिति के सदस्यों ने कहा कि गाँधी सेवा रत्न अवॉर्ड-2026 राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह का यह पोस्टर सामान्य प्रचार पोस्टर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम और गाँधीवादी विचारधारा की गौरवशाली स्मृतियों को समर्पित असाधारण पोस्टर है। पोस्टर में 1938 की राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी की ऐतिहासिक तस्वीर के साथ नेताजी सुभाष चंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल एवं अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्र अंकित किए गए हैं। इसके साथ ही स्वर्गीय श्री बजरंग लाल गाँधी का छायाचित्र भी प्रमुखता से लगाया गया है।
पोस्टर के दूसरे भाग में स्वतंत्रता सेनानी एवं भारत रत्न सीमांत गाँधी खान अब्दुल गफ्फार खान, महात्मा गाँधी, मृदुला साराभाई, मनु गाँधी सहित अन्य स्वतंत्रता सेनानियों के छायाचित्र अंकित हैं। पोस्टर में स्वतंत्रता आंदोलन के संघर्ष, गाँधीवादी जीवन-दर्शन, सेवा और सामाजिक चेतना को एक साथ प्रदर्शित करने का प्रयास किया गया है। यही विशेषता इस पोस्टर को सामान्य आयोजन पोस्टरों से अलग और प्रभावशाली बनाती है।
आदर्श समाज समिति इंडिया के अध्यक्ष धर्मपाल गाँधी ने बताया कि 1 सितंबर 2026 को होटल रानी बाग, सूरजगढ़ में होने वाले राष्ट्रीय प्रतिभा सम्मान समारोह में देशभर से प्रतिभाएं शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि श्री बजरंग लाल गाँधी के सेवा, सादगी, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक सरोकारों से जुड़े आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना तथा गाँधी जीवन दर्शन को समाज में आगे बढ़ाना इस आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है।



