ईद-उल-मिलादुन्नबी को लेकर नगर थाना में शांति समिति की हुई बैठक
Peace committee meeting held at the Town Police Station regarding Eid-ul-Milad-un-Nabi.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। ईद-उल-मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर पाकुड़ नगर थाना सभागार में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस पदाधिकारियों, शांति समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक में पर्व के दौरान आपसी भाईचारा, सामाजिक सौहार्द एवं शांति बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित लोगों ने प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में मनाने की प्रतिबद्धता जताई। बैठक में लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने, किसी भी प्रकार की विवादित स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को सूचना देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की गई। पुलिस प्रशासन की ओर से भी पर्व के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में उपस्थित लोगों ने आपसी भाईचारे और सद्भाव के साथ ईद-उल-मिलादुन्नबी मनाने का संकल्प लिया।



