निगम विद्यालय का नाम हुआ स्वर्गीय राम अवतार (समाजसेवी)

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली। पुरानी दिल्ली के वाटर वर्क्स स्थित दिल्ली नगर निगम विद्यालय का नाम अब समाजसेवी स्वर्गीय राम अवतार (समाजसेवी) के नाम पर कर दिया गया है। विद्यालय के नामकरण एवं पट्टिका अनावरण के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों और स्वर्गीय राम अवतार के परिवार ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर पूर्व महापौर जत्थेदार सरदार अवतार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय राम अवतार भले ही इस विद्यालय में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे, लेकिन शिक्षा के प्रति उनका समर्पण किसी शिक्षक से कम नहीं था। उस समय वाटर वर्क्स क्षेत्र में बड़ी संख्या में गरीब परिवार रहते थे और कई अभिभावक बच्चों की पढ़ाई के महत्व से अनजान थे।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय राम अवतार अपनी साइकिल से घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय लेकर आते थे और उनके माता-पिता को शिक्षा का महत्व समझाते थे। बच्चों को विद्यालय आने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से वे विद्यालय के प्रवेश द्वार पर आने वाले बच्चों को टॉफी भी दिया करते थे। उनका मानना था कि किसी तरह बच्चों को विद्यालय तक लाया जाए, ताकि वे पढ़-लिखकर अपने जीवन को बेहतर बना सकें। पूर्व महापौर ने कहा कि पद छोटा-बड़ा नहीं होता व्यक्ति के कार्य और समाज के प्रति उसका योगदान बड़ा होता है। स्वर्गीय राम अवतार ने अपने दायित्व से आगे बढ़कर शिक्षा की अलख जगाने का काम किया। विद्यालय का उनके नाम पर होना उनके सेवाभाव को सच्ची श्रद्धांजलि है।
नामकरण के अवसर पर स्वर्गीय राम अवतार के पुत्र बबली और परिवार के अन्य सदस्य भावुक हो गए। उन्होंने पूर्व महापौर जत्थेदार सरदार अवतार सिंह के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज उनके पिता जैसे साधारण चौकीदार के असाधारण सेवाभाव को सम्मान मिला है। बबली ने भावुक होकर कहा कि उनके परिवार के लिए यह गर्व और खुशी का क्षण है और इस सम्मान के लिए वे पूर्व महापौर के सदैव आभारी रहेंगे। कार्यक्रम में क्षेत्रीय निगम पार्षद विकास टाक, भारतीय जनता पार्टी जिला चांदनी चौक अध्यक्ष अरविंद गर्ग, राष्ट्रीय ग्राहक पंचायत दिल्ली ब्रांच की संगठन मंत्री मोहनजीत कौर, श्री नवयुवक रामलीला कमेटी कश्मीरी गेट से राकेश कपूर, मुकेश राजपूत, अरुण भटनागर, सौरभ गोड, अशोक बबली, उनकी धर्मपत्नी नीतू कनौजिया, भाजपा मंडल अध्यक्ष मीनाक्षी कनौजिया सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्वर्गीय राम अवतार के नाम पर विद्यालय का नामकरण केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि उन अनगिनत कर्मठ लोगों के योगदान को सम्मान देने का संदेश है, जो बिना किसी पद या प्रसिद्धि की अपेक्षा के समाज और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने में अपना जीवन समर्पित कर देते हैं।


