गोड्डा
महागामा में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह की कांग्रेस कार्यकर्ताओं संग बैठक
SIR और मतदाता सूची पर दिए जरूरी निर्देश

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
महागामा। झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने मंगलवार को प्रखंड कांग्रेस कार्यालय, महागामा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक के दौरान क्षेत्र से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों, जनसमस्याओं और संगठन की मजबूती पर चर्चा की गई। इस दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने SIR के तहत जारी नोटिस और मतदाता सूची से जुड़े मामलों को लेकर कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को नोटिस जारी किया गया है, उनके मामलों में पूरी गंभीरता और तत्परता के साथ सहयोग किया जाए, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न हटे। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर लोगों को आवश्यक जानकारी और सहयोग उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक के लोकतांत्रिक अधिकार की रक्षा करना जरूरी है और कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। बैठक में संगठन की मजबूती, क्षेत्रीय जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच निरंतर सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाकर समाधान के लिए समन्वय स्थापित करने का आह्वान किया। बैठक में गोड्डा जिला कांग्रेस अध्यक्ष मो. याहया सिद्दीकी, जिला कांग्रेस महिला अध्यक्ष आरती कुमारी, महागामा प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष मिनहाज आलम, बीस सूत्री अध्यक्ष फिरोज अख्तर, महागामा नगर उपाध्यक्ष नीलेश कुमार सिंह सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




