
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक आयु की महिलाओं को रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वहीं रक्षाबंधन पर्व पर माताओं, बेटियों और बहनों को एक सहयोगी के साथ 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा दी गई है।
कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आईएमए ऑडिटोरियम बरेली में किया गया। इस मौके पर वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष आंवला आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट, एआरटीओ समेत अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी ने महिलाओं को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं और करीब एक हजार महिलाओं को साड़ी व मिष्ठान वितरित किया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।



