शामली
ट्यूबवेल से केबल चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार
चोरी का केबल, चाकू, टॉर्च और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
चौसाना। झिंझाना थाना पुलिस ने ट्यूबवेल से केबल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया केबल, केबल काटने का चाकू, टॉर्च तथा वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार कस्बा ऊन के मोहल्ला नौतना निवासी सन्नी पुत्र विनोद ने थाना झिंझाना में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उसके ट्यूबवेल से केबल चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी।
घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही थी। इसी क्रम में 28 अगस्त 2026 की रात संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने वांछित आरोपी प्रदीप कुमार पुत्र सुभाष सिंह निवासी ग्राम हथछोया, थाना झिंझाना, जनपद शामली को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया हुआ केबल, केबल काटने का चाकू और टॉर्च बरामद की। साथ ही घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अपर पुलिस अधीक्षक शामली सुमित शुक्ला के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी कैराना के पर्यवेक्षण में थाना झिंझाना पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मोहम्मद अब्बास, उपनिरीक्षक विपिन मलिक, हेड कांस्टेबल राहुल, हेड कांस्टेबल रोहित, हेड कांस्टेबल गुलफाम तथा कांस्टेबल जगदीश कुमार शामिल रहे।