पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, देखने के लिए उमड़ी ग्रामीणों की भीड़।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बिजनौर : नांगल सोती क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सोफतपुर में पिछले कई दिनों से ग्रामीणों में दहशत का कारण बने गुलदार को आखिरकार वन विभाग ने पिंजरे में कैद कर लिया। रविवार रात शिकार के लालच में गुलदार पिंजरे के अंदर पहुंच गया, जिसके बाद वह उसमें फंस गया। सोमवार सुबह करीब छह बजे ग्रामीणों को इसकी जानकारी हुई तो मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
खेत स्वामी सुरेश पाल के पुत्र और अन्य ग्रामीणों ने पिंजरे में गुलदार को देखा तो तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के साथ गुलदार को पिंजरे सहित राजगढ़ वन विभाग कार्यालय ले जाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा क्षेत्र में गुलदार देखे जाने की सूचना दिए जाने के बाद सुरेश पाल के खेत में गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया गया था। सोमवार को पिंजरे में शिकार के लिए मुर्गा रखा गया था। मुर्गे को खाने के प्रयास में गुलदार पिंजरे में कैद हो गया।
ग्रामीण गौतम, अरुण, विनीत, राजकुमार और पुष्पेंद्र राणा ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी कई गुलदार देखे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पकड़ा गया गुलदार पूर्व में दिखाई दिए गुलदार से अलग है। उन्होंने वन विभाग से क्षेत्र में एक और पिंजरा लगाने की मांग की है, ताकि अन्य गुलदारों को भी पकड़ा जा सके।
वन विभाग के मुताबिक, गुलदार को लेकर उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। गुलदार को सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गुलदार के पकड़े जाने के दौरान राजगढ़ वन क्षेत्राधिकारी देव ऋषि सक्सेना, उपक्षेत्र वन अधिकारी महिपाल सिंह, वन दरोगा मदनपाल, शिवम कुमार, वनकर्मी जसवीर, पवन, महावीर सिंह, बबलू सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। गुलदार को सुरक्षित पकड़ने तथा मौके पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में थाना नांगल पुलिस स्टाफ का भी पूर्ण सहयोग रहा।



