मथुरा

पीएनजी लाइन में धमाके के साथ लगी आग, उठी 12 फीट ऊंची लपटें

मची अफरातफरी; तीन लोग झुलसे

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
मथुरा। कोसीकलां की राधा विहार कॉलोनी में पीएनजी लाइन में आग लगने से भगदड़ जैसे हालात बन गए। तेज धमाके के बाद गैस लाइन से 10 से 12 फीट ऊंची लपटें उठने लगीं। करीब आधे घंटे तक गैस रिसाव जारी रहने से कॉलोनी वासी दहशत में घरों से बाहर निकल आए। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग झुलस गए। कॉलोनी निवासी मुकुट ने बताया कि रात करीब आठ बजे अचानक तेज धमाका हुआ। लोग बाहर आए तो कॉलोनी गेट के पास बने पीएनजी चैंबर से आग की लपटें निकल रही थीं। आग आसपास फैलने लगी तो लोगों ने रास्ता बंद कर दिया। मुकुट का आरोप है कि पीएनजी लाइन बिछाने वाले ठेकेदार ने चैंबर पर ढक्कन नहीं लगाया था, जिससे लाइन ने आग पकड़ ली। ग्रीन गैस लिमिटेड के कार्यालय में फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। गैस आपूर्ति बंद होने के बाद करीब आधे घंटे में पहुंची फायर ब्रिगेड ने ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू पाया। हादसे में मुकुट के 14 वर्षीय पुत्र मयंक, 18 वर्षीय पुत्र आदित्य और बहन मीरा झुलस गए। तीनों को अस्पताल ले जाया गया। कॉलोनीवासियों ने लापरवाही की जांच और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button