
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
उरई। नकली, अधोमानक, मिलावटी और नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सोमवार को उरई में प्रशासन और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोरों पर सघन जांच अभियान चलाया। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में गठित टीम ने विवेक मेडिकल स्टोर और बजरंग मेडिकल स्टोर, अस्पताल रोड पर पहुंचकर दवाओं के स्टॉक व अभिलेखों की जांच की।
जांच के दौरान बजरंग मेडिकल स्टोर पर नींद में इस्तेमाल होने वाली नारकोटिक्स श्रेणी की दवाओं का काफी मात्रा में भंडारण पाया गया। टीम ने फर्म के प्रोपराइटर शान्तीभूषण मिश्रा से संबंधित दवाओं के क्रय-विक्रय का रिकॉर्ड प्रस्तुत करने को कहा, लेकिन मौके पर अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जा सके। मामले को गंभीरता से लेते हुए टीम ने ALZOMAC 0.5 Tablet का नमूना संग्रहित किया और नारकोटिक्स दवाओं के क्रय-विक्रय पर तत्काल रोक लगाते हुए आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
वहीं, विवेक मेडिकल स्टोर से Avil Tablet का नमूना लिया गया। इसके अलावा संचालक को अन्य दवाओं से संबंधित खरीद-बिक्री का विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों के अनुसार दोनों प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी प्रकार की अनियमितता या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम, 1940 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



