बालाघाट

चोरी के मामले में पूछताछ के तरीके पर सवाल

 तत्कालीन थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मी निलंबित

 गर्भवती महिला से मारपीट समेत गंभीर आरोपों की शिकायत के बाद एसपी आदित्य मिश्रा की कार्रवाई
 नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : किरनापुर थाने में चोरी के एक मामले की जांच और पूछताछ की कार्यप्रणाली को लेकर गंभीर शिकायत सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तत्कालीन थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है। मामले की जांच महिला एसआईटी को सौंपे जाने की जानकारी सामने आई है।
मामला 21 अगस्त को किरनापुर पोस्ट ऑफिस से एक महिला द्वारा निकाले गए 1 लाख 10 हजार रुपये से जुड़ा है। महिला के अनुसार, रकम में से 50 हजार रुपये गायब हो गए थे। इसके बाद चोरी की शिकायत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और कैलाश चौधरी को मामले में आरोपी बनाया।
कैलाश चौधरी की शिकायत के अनुसार, पुलिस उसे उसके घर से थाने लेकर आई और चोरी कबूल करने के लिए दबाव बनाया गया। शिकायत में पूछताछ के दौरान मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
मामले ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कैलाश की करीब दो माह की गर्भवती पत्नी ने भी पुलिस पर मारपीट तथा अन्य गंभीर दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। परिजन और ग्रामीण घायल महिला को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, महिला को परिजन खाट पर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे।
शिकायत में पुलिसकर्मियों पर लगाए गए आरोपों की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने तत्कालीन थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच करने की कार्रवाई की। साथ ही पूरे मामले की जांच एसआईटी को सौंपे जाने की बात सामने आई है।
इस कार्रवाई के बाद किरनापुर थाने की पुलिस कार्यप्रणाली और पूछताछ के दौरान नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button