जामताड़ा
मतदाता सूची त्रुटि सुधार को लेकर विशेष सुनवाई अभियान शुरू
मंगलवार से 10 सितंबर तक चलेगा विशेष हियरिंग, कर्मचारियों ने शुरू की दस्तावेजों की जांच

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
करमाटांड़। मतदाता सूची को त्रुटिमुक्त और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से प्रशासन की ओर से विशेष सुनवाई अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में करमाटांड़ पंचायत भवन में मंगलवार से मतदाता सूची में दर्ज त्रुटियों के सुधार को लेकर विशेष हियरिंग प्रक्रिया शुरू की गई, जो 10 सितंबर तक चलेगी। जिन मतदाताओं के नाम, पता, उम्र या अन्य विवरण में किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई गई है, उन्हें विभाग की ओर से पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। अब संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच कर आवश्यक सुधार की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
अभियान के दौरान क्षेत्रीय कर्मचारियों द्वारा मतदाताओं से प्राप्त दस्तावेजों का बारीकी से सत्यापन किया जा रहा है। कर्मचारी हितेश दास ने बताया कि जिन लोगों के मतदाता विवरण में त्रुटि है, उनके मामलों की सुनवाई की जा रही है। संबंधित नागरिकों के जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद नियमानुसार मतदाता सूची में सुधार किया जाएगा
जिन मतदाताओं को त्रुटि सुधार से संबंधित नोटिस मिला है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनवाई स्थल पर उपस्थित होकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन करा सकते हैं। उन्हें अपने साथ पहचान पत्र की मूल प्रति व छायाप्रति, उम्र और पते से संबंधित वैध दस्तावेज तथा विभाग द्वारा जारी नोटिस पत्र लेकर जाना चाहिए।
प्रशासन ने संबंधित मतदाताओं से अपील की है कि वे 10 सितंबर तक निर्धारित प्रक्रिया में शामिल होकर अपने दस्तावेजों का सत्यापन अवश्य कराएं। इससे मतदाता सूची में नाम और अन्य विवरण को सही करने में मदद मिलेगी और भविष्य में मतदान के दौरान होने वाली परेशानियों से बचा जा सकेगा।




