शामली

कहासुनी ने लिया उग्र रूप, लाठी-डंडों से हमला

बीच-बचाव करने पहुंचे दो युवक घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

कांधला : कस्बे के बाईपास मार्ग पर मंगलवार को मामूली विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई कहासुनी के दौरान मामला मारपीट तक पहुंच गया। विवाद शांत कराने के लिए हस्तक्षेप करने पहुंचे दो युवकों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में दोनों युवक घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कस्बा निवासी इरफान बाईपास मार्ग पर बाइक एवं वाहनों की धुलाई का कार्य करता है। मंगलवार को किसी बात को लेकर उसका पास में रहने वाले साजिद से विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी चल रही थी। इसी दौरान वहां मौजूद आसिफ और रागिब ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में इरफान और आसिफ घायल हो गए। दोनों के घायल होने की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई। सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला।पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाद में घायलों ने चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद थाने में तहरीर देकर आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।पुलिस के अनुसार, प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button