
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
नई दिल्ली : अमेज़न इंडिया ने बताया कि Amazon.in पर उसके विक्रेताओं की संख्या 20 लाख के पार पहुंच गई है। पिछले एक साल में 3 लाख से अधिक नए विक्रेता प्लेटफॉर्म से जुड़े हैं, जो तीन वर्षों में विक्रेता आधार की सबसे तेज सालाना वृद्धि है। इनमें टियर-3 शहरों के पहली पीढ़ी के उद्यमियों से लेकर हजारों उत्पादों की बिक्री करने वाले बड़े ब्रांड शामिल हैं।
कंपनी के अनुसार, कम बिक्री शुल्क, एआई आधारित टूल्स के बढ़ते इस्तेमाल और फुलफिलमेंट व डिलीवरी नेटवर्क में निवेश से विक्रेताओं को त्योहारी सीजन की तैयारी में मदद मिल रही है। इस वर्ष की शुरुआत में 1,000 रुपये से कम कीमत वाले 12.5 करोड़ से अधिक उत्पादों पर रेफरल फीस शून्य कर दी गई है।
Amazon.in पर एआई आधारित सेलर असिस्टेंट के इस्तेमाल में भी तेजी आई है। इसके साथ विक्रेताओं का संवाद सालाना आधार पर 7.5 गुना बढ़ा है, जबकि इस टूल का इस्तेमाल करने वाले विक्रेताओं की संख्या हर छह महीने में दोगुनी हो रही है। वहीं, अमेज़न के विज्ञापनदाताओं के बीच एआई टूल्स का इस्तेमाल 77 प्रतिशत बढ़ा है। 2026 की पहली तिमाही में छोटे और मध्यम कारोबारों ने एआई की मदद से पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 62 प्रतिशत अधिक विज्ञापन क्रिएटिव तैयार किए।
त्योहारी सीजन से पहले अमेज़न कई शहरों में 20 से अधिक सेलर कनेक्ट और ऐड्स हाइव कार्यशालाएं आयोजित कर रहा है। इनमें कैटलॉग को बेहतर बनाने, इन्वेंट्री की योजना, फुलफिलमेंट और विज्ञापन से जुड़े टूल्स व रणनीतियों की जानकारी दी जा रही है।
अमेज़न इंडिया में सेलिंग पार्टनर सर्विसेज की निदेशक अरुणा दरयानानी ने कहा कि कंपनी का लक्ष्य हर आकार के विक्रेता के लिए Amazon.in पर बिक्री को आसान और सुलभ बनाना है। उन्होंने कहा कि 20 लाख विक्रेताओं का आंकड़ा देशभर के उद्यमियों के बढ़ते भरोसे को दर्शाता है।
कंपनी के अनुसार, 2 लाख से अधिक विक्रेता उसके एआई आधारित लिस्टिंग टूल्स का इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि 28,000 से अधिक विक्रेता प्रोडक्ट अपॉर्च्युनिटी एक्सप्लोरर का उपयोग कर रहे हैं। इस साल 69,000 से अधिक विक्रेताओं ने सेल इवेंट प्लानर का इस्तेमाल किया। एआई आधारित इन्वेंट्री सुझावों को अपनाने वाले विक्रेताओं में स्टॉक खत्म होने की घटनाएं 35 प्रतिशत कम रहीं, जबकि सुझाई गई डील कीमतें अपनाने वाले विक्रेताओं की बिक्री 2.5 गुना बढ़ी।
दिल्ली में अमेज़न 2.7 लाख से अधिक विक्रेताओं और 56 हजार से ज्यादा स्थानीय दुकानों को Amazon.in के जरिए कारोबार करने में मदद कर रहा है। कंपनी ने आगामी त्योहारी मांग को देखते हुए 400 से अधिक शहरों में 1.6 लाख से ज्यादा मौसमी रोजगार के अवसर भी तैयार किए हैं।
अमेज़न ने बताया कि उसका डिलीवरी नेटवर्क देश के हर पिन कोड तक फैला है। इसमें 17 राज्यों में फुलफिलमेंट सेंटर, 20 राज्यों में सॉर्टेशन सेंटर और करीब 2,000 अमेज़न व पार्टनर डिलीवरी स्टेशन शामिल हैं। कंपनी का लक्ष्य 2030 तक 1.5 करोड़ कारोबारों तक उन्नत तकनीकी सुविधाएं पहुंचाना है।



