जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम के नेतृत्व में धनुषपूजा स्थित जिला कार्यालय में आयोजित हुआ कार्यक्रम
A program was held at the district office in Dhanushpuja under the leadership of District President Azizul Islam.

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
पाकुड़। स्वर्गीय दुर्गा सोरेन की जयंती के अवसर पर गुरुवार को धनुषपूजा स्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने किया। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। इसके बाद पूर्व जिलाध्यक्ष सह केंद्रीय समिति सदस्य श्याम यादव सहित अन्य पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने स्वर्गीय दुर्गा सोरेन के संघर्षपूर्ण जीवन, बलिदान और संगठन के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि वे झारखंड राज्य आंदोलन के अग्रणी योद्धाओं में शामिल थे। उन्होंने झामुमो संगठन को मजबूत करने और पार्टी को ऊंचाई तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके द्वारा किए गए कार्यों और योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि दुर्गा सोरेन जुझारू, बेबाक और निडर नेता थे। वे हमेशा गरीबों, मजदूरों, वंचितों और झारखंडी अस्मिता से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाते रहे। अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में उनका योगदान अविस्मरणीय रहा है। उनका संघर्ष और विचार आज भी पार्टी कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, जिला सह सचिव जहूर आलम, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम, पाकुड़ प्रखंड अध्यक्ष मुसलोद्दीन शेख, हिरणपुर प्रखंड अध्यक्ष इसहाक अंसारी, बुद्धिजीवी मोर्चा जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, इस्माईल शेख, जाकिर हुसैन, मोबारक हुसैन सहित दर्जनों पार्टी कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे।



