साहेबगंज
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में उपायुक्त ने किया ईवीएम वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
साहिबगंज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, साहेबगंज दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक निरीक्षण सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ।निरीक्षण के दौरान राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस के डबल लॉक एवं सीलबंद तीनों विधानसभा कक्षों को नियमानुसार खोला गया।इसके उपरांत सुरक्षित रखी गई ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों का भौतिक सत्यापन किया गया तथा उनके सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति का अवलोकन किया गया।उपायुक्त ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी प्रणाली,रिकॉर्डिंग व्यवस्था एवं सुरक्षा प्रबंधन का भी निरीक्षण किया।उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि निगरानी व्यवस्था को चौबीसों घंटे सक्रिय एवं प्रभावी बनाए रखा जाए तथा सुरक्षा मानकों के अनुपालन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।इस दौरान वेयरहाउस में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था,अभिलेख संधारण तथा अन्य सुरक्षा प्रोटोकॉल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाओं को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने का निर्देश दिया।निरीक्षण उपरांत राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में वेयरहाउस को पुनःडबल लॉक कर विधिवत सीलबंद किया गया।उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं सुरक्षा कर्मियों को निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने तथा सुरक्षा व्यवस्था की नियमित समीक्षा करते रहने का निर्देश दिया।



