ललितपुर
सेवा संकल्प अभियान से जन-जन तक पहुंचेंगे विकास कार्यों की कहानियां
सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के लिए बना विशेष व्हाट्सएप ग्रुप

60 सेकेंड की रील से दिखेंगे योजनाओं के सकारात्मक बदलाव
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष और प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के कार्यकाल में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उनसे आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रशासन ने विशेष कार्ययोजना तैयार की है। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले के सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को अभियान से जोड़ा गया है। जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देशों के अनुपालन में सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के तत्वावधान में आयोजित बैठक की अध्यक्षता एडीएम दिनेश कुमार ने की। बैठक में प्रमुख सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने प्रतिभाग किया। बैठक में अभियान के प्रभावी संचालन के लिए डिजिटल कंटेंट, रील निर्माण, लाभार्थियों की सफलता की कहानियों तथा विकास कार्यों के स्थलीय निरीक्षण को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। एडीएम ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की विभिन्न योजनाओं से आमजन के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को पारदर्शी और प्रभावी तरीके से सामने लाना है। उन्होंने कहा कि जनपद में ऐसे नागरिक, जिन्हें केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिला है और जिनके जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है, उनकी वास्तविक कहानियों को सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों तक पहुंचाया जाएगा। उन्होंने इन्फ्लूएंसरों से अपील की कि वह योजनाओं के लाभार्थियों की प्रमाणिक जानकारी, फोटो और वीडियो के साथ प्रभावी एवं तथ्यपरक कंटेंट तैयार करें, ताकि सरकारी योजनाओं का वास्तविक प्रभाव आमजन तक पहुंच सके। अभियान को गति देने के लिए बैठक में शामिल सभी सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों को जोड़कर एक विशेष व्हाट्सएप ग्रुप बनाया गया है। इस ग्रुप के माध्यम से सूचना विभाग और इन्फ्लूएंसरों के बीच त्वरित समन्वय स्थापित किया जाएगा। योजनाओं से संबंधित जानकारी, फोटो, वीडियो और अन्य आवश्यक सामग्री इसी माध्यम से साझा की जाएगी। इन्फ्लूएंसरों को निर्देश दिए गए हैं कि वह केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की सफलता की कहानियों के साथ जनपद में कराए गए विकास कार्यों का प्रमाणिक कंटेंट तैयार करें। इसमें 60-60 सेकेंड की रील, फोटो एवं वीडियो के साथ विकास स्थलों की पहले और बाद की वास्तविक स्थिति को भी दर्शाया जाएगा। इसके अलावा जनकल्याणकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए बदलाव और लाभार्थियों के अनुभवों को भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया जाएगा। अभियान के तहत सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों को जनपद में चल रहे प्रमुख निर्माणाधीन विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी कराया जाएगा। ग्राउंड विजिट के दौरान इन्फ्लूएंसर विकास कार्यों की धरातलीय प्रगति को स्वयं देख सकेंगे और उसके आधार पर वास्तविक एवं प्रभावी डिजिटल कंटेंट तैयार करेंगे। प्रशासन का उद्देश्य है कि विकास कार्यों और योजनाओं की जानकारी केवल सरकारी माध्यमों तक सीमित न रहे, बल्कि सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के जरिए व्यापक स्तर पर आमजन तक पहुंचे। बैठक के अंत में जिला सूचना ने सभी इन्फ्लूएंसरों को आवश्यक डेटा, सूचनाएं एवं प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि अभियान के प्रभावी संचालन के लिए सूचना विभाग और सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। बैठक में उपस्थित सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसरों एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स ने भी सेवा संकल्प अभियान से जुड़कर जनपद में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी तथा लाभार्थियों के सकारात्मक अनुभवों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।



