ललितपुर
हिंदी हमारी मातृभाषा, इसकी प्रगति में ही हमारी प्रगति : डा. सौरव यादव
पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय में हिंदी दिवस पर आयोजित हुई संगोष्ठी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नैक मूल्यांकित शिक्षण संस्थान पहलवान गुरुदीन प्रशिक्षण महाविद्यालय पनारी में सोमवार को हिंदी दिवस के अवसर पर महाविद्यालय के डा. भीमराव आंबेडकर सभागार में संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व, मातृभाषा में अध्ययन-अध्यापन को बढ़ावा देने तथा हिंदी को जन-जन की भाषा बनाने पर विचार व्यक्त किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के स्वरूप पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। महाविद्यालय डायरेक्टर डा.सौरव यादव, प्राचार्य डा.महेश कुमार झा, उप प्राचार्य एवं असिस्टेंट प्रो.रामलाल तथा कृषि विभागाध्यक्ष असिस्टेंट प्रो.भजन लाल साहू ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन किया। इस अवसर पर महाविद्यालय डायरेक्टर ने कहा कि हिंदी हमारी मातृभाषा है और इसकी प्रगति से ही हमारी प्रगति जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा की उन्नति के बिना समाज और राष्ट्र की वास्तविक उन्नति संभव नहीं है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी भाषा के अधिकाधिक प्रयोग और सम्मान का आह्वान किया। प्राचार्य डा.महेश कुमार झा ने कहा कि हिंदी में अध्ययन-अध्यापन को बढ़ावा दिया जाना चाहिए। मातृभाषा के माध्यम से विद्यार्थी विषयों को अधिक सहजता और प्रभावी ढंग से समझ सकते हैं। उन्होंने कहा कि मातृभाषा में किया गया स्वाध्याय ज्ञान को मजबूत आधार प्रदान करता है। कृषि विभागाध्यक्ष असिस्टेंट प्रोफेसर भजन लाल साहू ने हिंदी दिवस के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी को जन-जन की भाषा बनाना और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रतिष्ठित स्थान दिलाना हिंदी दिवस मनाने का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग के लिए प्रेरित किया। संचालन असिस्टेंट प्रो. (कृषि) सतीश कुमार साहू ने किया। कार्यक्रम में डीएलएड विभागाध्यक्ष असिस्टेंट प्रो.रामलखन यादव, असिस्टेंट प्रो.उत्कर्ष जैन, नरेंद्र प्रजापति, अजब सिंह, शाहरुख खान, हरिओम शरण सेन, गंगाराम विश्वकर्मा, नसीम खान, रमाकांत, भागचंद कुशवाहा, प्रसन्न विश्वकर्मा एवं सतीश सोनगिरकर, एनसीसी पीआई संदीप यादव, पुस्तकालयाध्यक्ष साहिबा खान, लिपिक साकेत जैन सहित बालकिशन, रोहित, विशाल तथा महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



