शामली

भूमि विवाद में पति की हत्या का आरोप, डीएम से मुकदमा दर्ज कराने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। भूमि विवाद में पति की हत्या का आरोप लगाते हुए दभेड़ी बुजुर्ग निवासी बुजुर्ग महिला ने डीएम को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की है। महिला ने परिवार की जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए मामले की जांच किसी अन्य थाने से कराने की मांग भी की है।

डीएम को दिए शिकायती पत्र में राजिंद्र कौर पत्नी सुखवंत सिंह निवासी दभेड़ी बुजुर्ग ने बताया कि उनके पति सुखवंत सिंह की भूमि का वर्ष 2016 में कथित रूप से धोखाधड़ी कर बैनामा करा लिया गया था। मामले को लेकर कुसुम पत्नी बिजेंद्र, वरुण पुत्र बिजेंद्र और बिजेंद्र समेत अन्य लोगों से सिविल एवं राजस्व न्यायालयों में मुकदमे चल रहे थे। इसी कारण दोनों पक्षों के बीच रंजिश चली आ रही थी।

आरोप है कि मुकदमे के विचाराधीन रहने के दौरान कुसुम ने विवादित भूमि में से करीब 12 बीघा जमीन सरबजीत कौर और इकबाल सिंह को बेच दी। बाद में विवाद की जानकारी होने पर खरीदारों ने जमीन गुरजीत कौर पत्नी हरविंद्र निवासी घरौंडा, करनाल को बेच दी।

शिकायतकर्ता के मुताबिक इसके बाद जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद शुरू हो गया। विरोध करने पर उसके पति के साथ मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में 11 जुलाई को एसपी कार्यालय में भी शिकायत दी गई थी।

आरोप है कि कुछ समय पूर्व गुरजीत कौर, हरविंद्र, अमनदीप, वीरेंद्र सिंह और उनके अन्य साथियों ने खेत की तारबंदी के दौरान भी मारपीट और झगड़ा किया था। उस दौरान आरोपियों ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी थी।

महिला का आरोप है कि 9 सितंबर को सुखवंत सिंह कैराना तहसील में अधिवक्ता के पास जा रहे थे। इसी दौरान नाहिद कॉलोनी के पास आरोपियों ने उनकी हत्या कर दी। महिला के मुताबिक घटना के संबंध में थाना कैराना में प्रार्थना पत्र देने के बावजूद अभी तक आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही किसी आरोपी की गिरफ्तारी हुई है।

महिला ने परिवार में भय का माहौल बताते हुए आशंका जताई कि आरोपी उसके और उसके पुत्र के साथ भी किसी घटना को अंजाम दे सकते हैं। उन्होंने मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की।

इस अवसर पर निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष संजय गुर्जर, सुमित प्रताप, ओमवीर सिंह, अशोक कुमार, सुशील कश्यप बरसत, मोमिन चौहान, गोविंद कश्यप और अमिताभ आदि मौजूद रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button