ललितपुर
एसपी संजीव कुमार बाजपेई ने पुलिस कार्यालय का किया औचक निरीक्षण
आईजीआरएस, शिकायत प्रकोष्ठ और मॉनिटरिंग सेल की व्यवस्थाएं परखीं

लंबित मामलों के समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय का आकस्मिक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली, अभिलेखों और लंबित प्रकरणों की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्यों को नियमानुसार, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कार्यालय स्थित अपर पेशी, वाचक कार्यालय, प्रधान लिपिक शाखा, शिकायत प्रकोष्ठ, पेंशन, आर्थिक अपराध शाखा, मेला मॉनिटरिंग सेल, आईजीआरएस कार्यालय, रिकॉर्ड रूम तथा यातायात कार्यालय सहित विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। वाचक कार्यालय में रजिस्टरों की जांच
वाचक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक ने क्रियाशील अपराधी रजिस्टर, टॉप-10 रजिस्टर, भूमाफिया रजिस्टर एवं हिस्ट्रीशीटर (एचएस) रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की। रजिस्टर सुव्यवस्थित, संतोषजनक एवं अद्यावधिक पाए गए। इस दौरान संबंधित कर्मचारियों को अभिलेखों को नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। प्रधान लिपिक शाखा के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने लंबित एवं प्रचलित प्रारंभिक जांचों की समीक्षा की। उन्होंने सभी लंबित जांचों का समय से निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पेंशन एवं सेवायोजन से संबंधित प्रकरणों का भी निर्धारित समयावधि में निस्तारण करने को कहा। पुलिस कर्मियों की चरित्र पंजिकाओं का भी अवलोकन किया गया। एसपी ने निर्देश दिए कि पुलिसकर्मियों को प्राप्त दंड एवं रिवार्ड से संबंधित प्रविष्टियां समय से दर्ज की जाएं तथा अभिलेखों का नियमित सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। आईजीआरएस शाखा के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने संबंधित रजिस्टरों की जांच की। उन्होंने कहा कि आईजीआरएस नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण की महत्वपूर्ण व्यवस्था है। इसलिए आईजीआरएस से प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जनपद के सभी थानों में लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण कराया जाए। मॉनिटरिंग सेल का निरीक्षण करते हुए एसपी ने न्यायालयों में लंबित चिन्हित मुकदमों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे मामलों में लगातार और प्रभावी पैरवी कराई जाए, ताकि अपराधियों को शीघ्र एवं अधिक से अधिक मामलों में सजा दिलाई जा सके। शिकायत प्रकोष्ठ के निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी रजिस्टरों एवं पत्रावलियों का अवलोकन किया तथा आवश्यक प्रविष्टियों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, कार्यालय में साफ-सफाई बनाए रखने तथा जनसुनवाई के दौरान एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से निस्तारित प्रार्थना पत्रों की प्राप्त आख्या भी प्रस्तुत करने को कहा। साथ ही शिकायत प्रकोष्ठ में तैनात कर्मचारियों को पुलिस कार्यालय आने वाले आगंतुकों के साथ मिलनसार एवं सहयोगात्मक व्यवहार करने तथा उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का प्रयास करने के निर्देश दिए। पुलिस कार्यालय की आंशिक शाखा के निरीक्षण में एसपी ने वेतन रजिस्टर, कंटीजेंसी रजिस्टर, कैजुअल्टी रजिस्टर, यात्रा भत्ता एवं जीपीएफ स्वीकृत रजिस्टर सहित विभिन्न अभिलेखों एवं पत्रावलियों का अवलोकन किया और संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने रजिस्टरों को जांचा और उन्हें नियमित रूप से अद्यावधिक रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्टेशनरी सामग्री का आवश्यकतानुसार वितरण सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके बाद यातायात कार्यालय का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से यातायात संबंधी कार्यों की जानकारी ली। एसपी ने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने, अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने तथा कार्यालयीन कार्यों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी, अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



