बागपत
स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 को लेकर नगर पालिका में हुई बैठक
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, विशेष सफाई और जन-जागरूकता पर रहेगा जोर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बड़ौत। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के सफल आयोजन को लेकर बुधवार, 16 सितंबर 2026 को नगर पालिका परिषद बड़ौत में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत आगामी एक माह तक चलने वाले विभिन्न स्वच्छता कार्यक्रमों, जन-जागरूकता गतिविधियों, विशेष सफाई एवं कूड़ा निस्तारण को लेकर विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
बैठक में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक नगर क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने, कूड़ा-कचरा के बेहतर निस्तारण तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया गया। संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अभियान के दौरान निर्धारित कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
“स्वच्छता सिर्फ नगर पालिका की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी”
चेयरमैन बबीता तोमर ने कहा कि स्वच्छता केवल नगर पालिका की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। स्वच्छ और सुंदर बड़ौत का निर्माण तभी संभव है, जब जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और आम नागरिक मिलकर अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने कहा, “स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 को हम केवल एक सरकारी अभियान के रूप में नहीं, बल्कि जनभागीदारी के महाअभियान के रूप में चलाएंगे। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नगर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष सफाई, कूड़ा निस्तारण और जन-जागरूकता कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा।”
चेयरमैन ने कहा कि जहां स्वच्छता होती है, वहीं स्वस्थ वातावरण और बेहतर जीवन की नींव मजबूत होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि घर का कूड़ा सड़क, नाली या सार्वजनिक स्थान पर न डालें, सफाई कर्मचारियों का सहयोग करें और अपने आसपास के लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करें।
उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि बड़ौत के लोगों में स्वच्छता को लेकर ऐसी जिम्मेदारी विकसित करना है, जो अभियान समाप्त होने के बाद भी लगातार बनी रहे। बड़ौत को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना हम सभी का संकल्प होना चाहिए।”
बैठक में सभासदगण सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



