रामपुर शाहबाद
गन्ना समिति में सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ
मंगलवार को आई 68 आपत्तियों तुरंत किया निस्तारण

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
रामपुर शाहबाद। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड एवं गन्ना विकास परिषद रामपुर के परिसर में मंगलवार को समिति स्तरीय सर्वे सट्टा प्रदर्शन मेले का शुभारंभ किया गया। मुख्य अतिथि जिला गन्ना अधिकारी रामपुर वेदप्रकाश सिंह ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। मेला 15 से 22 सितंबर तक चलेगा।इस दौरान जिला गन्ना अधिकारी ने मेले में लगाए गए नौ निर्धारित काउंटरों का निरीक्षण किया। इनमें सामाजिक सुरक्षा बीमा, नए सदस्य पंजीयन, उपज बढ़ोतरी सहित किसानों से संबंधित विभिन्न कार्यों के काउंटर शामिल रहे। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को किसानों से प्राप्त आपत्तियों का गुणवत्ता परक एवं नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक जितेंद्र कुमार यादव, गन्ना समिति सचिव साहब सिंह सत्यार्थी, गन्ना समिति बिलासपुर के सचिव दुर्गेंद्र गौतम समेत सहकारी गन्ना विकास समिति, गन्ना विकास परिषद और चीनी मिलों के फील्ड कर्मचारियों के अलावा समिति के सम्मानित सदस्य, बड़ी संख्या में किसान, ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।



