बछलौता फ्लाईओवर पर दर्दनाक हादसा, बाइक सवार मां और चार माह के मासूम की मौत
भूसे की गाड़ी से बचने के प्रयास में अनियंत्रित हुई बाइक, पीछे से अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर; पिता-पुत्री घायल

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड़ । थाना बाबूगढ़ क्षेत्र में शुक्रवार सुबह बछलौता फ्लाईओवर स्थित नए हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में बाइक सवार महिला और उसके महज चार माह के मासूम बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा महिला का पति और पांच वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए । हादसे की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। वहीं, दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया गया।
बाबूगढ़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार शुक्रवार 18 सितंबर 2026 को सुबह करीब 5:50 बजे मोटरसाइकिल संख्या UP21BH4887 अपाचे पर सवार अकरम पुत्र खुर्शीद उम्र करीब 40 वर्ष, उनकी पत्नी शबाना उम्र करीब 35 वर्ष, चार माह का पुत्र अली हमजा और पांच वर्षीय पुत्री जुबिया नूर निवासी तुमरिया कला, थाना ठाकुरद्वारा, जनपद मुरादाबाद अपने घर से दिल्ली के जैतपुर स्थित नौकरी पर जा रहे थे। जैसे ही बाइक बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के बछलौता फ्लाईओवर के नए हाईवे पर पहुंची , उसी दौरान सामने चल रही भूसे की गाड़ी से बचने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पर सवार शबाना और उनके चार माह के मासूम बेटे अली हमजा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक चालक अकरम और उनकी पांच वर्षीय बेटी जुबिया घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तत्काल दोनों घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है । पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर किट बैग के माध्यम से मोर्चरी भेज दिया। मृतकों के शवों का पंचायतनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और हादसे में शामिल वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। चार माह के मासूम की मौत ने हादसे को और भी हृदयविदारक बना दिया।



