शामली

सभासद पर कथित हमले के मामले में संगठन ने जताया रोष

नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, कार्रवाई नहीं होने पर पांच दिन बाद धरने की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

 

शामली। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड-16 के सभासद एवं भाजपा जिला मंत्री अनिल उपाध्याय पर 19 सितंबर को हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में अखिल भारतीय योगी नाथ उपाध्याय समाज सेवा संगठन ने रोष जताया है। संगठन की आपात बैठक में घटना की निष्पक्ष जांच कराने और एफआईआर में नामजद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की गई। कार्रवाई नहीं होने पर पांच दिन बाद शांतिपूर्ण धरना देने की चेतावनी दी गई।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगी तेजपाल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुना गया सभासद अपने वार्ड का प्रतिनिधि होता है और उसे अपनी बात रखने का अधिकार है। उन्होंने कहा कि नगर पालिका कार्यालय में किसी निर्वाचित सभासद को जान बचाकर भागना पड़े तो यह गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।

योगी तेजपाल सिंह ने प्रशासन, मुख्यमंत्री और जनप्रतिनिधियों से मामले का संज्ञान लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि 19 सितंबर की घटना की वीडियो फुटेज के आधार पर निष्पक्ष जांच कराई जाए और एफआईआर में नामजद सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर संगठन पांच दिन बाद शांतिपूर्ण धरना देगा।

बैठक में बागपत, बड़ौत, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर और शामली समेत आसपास के जनपदों से समाज के सैकड़ों प्रतिनिधि पहुंचे। इनमें चमन उपाध्याय, साधूराम उपाध्याय, नकुल उपाध्याय, केपी सिंह, रवि हुड्डा, संजय उपाध्याय, दीपक उपाध्याय, ओमवीर उपाध्याय, कुलदीप उपाध्याय और मोहित उपाध्याय सहित अन्य पदाधिकारी व प्रतिनिधि शामिल रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button