बरेली
साहित्य परिषद ने हिंदी-संस्कृत विभूतियों को किया सम्मानित

नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। अखिल भारतीय साहित्य परिषद ब्रज प्रांत बरेली के तत्वावधान में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत राष्ट्र साधना के सौ वर्ष काव्योत्सव एवं सम्मान समारोह आयोजित हुआ। इसमें हिंदी और संस्कृत के 30 साहित्यकारों को आदि कवि वाल्मीकि सम्मान से अलंकृत किया गया।
सम्मानित होने वालों में उप प्राचार्य सुरेश चंद्र शर्मा, शिव ओम शर्मा, डॉ. ब्रजेश कुमार शर्मा, निर्भय सक्सेना, संजीव कुमार शर्मा गंभीर, विमलेश चंद्र दीक्षित, नीलिमा रावत, गंगाराम पाल, डॉ. अखिलेश गुप्ता सहित अन्य शामिल रहे।
टीवरीनाथ संस्कृत महाविद्यालय सभागार में कवयित्री नीलिमा रावत की सरस्वती वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
मुख्य अतिथि बंशीधर पाण्डेय ने कहा कि हिंदी हमारी राष्ट्रीय अस्मिता और स्वाभिमान की प्रतीक है। यह हमारी संस्कृति और संस्कारों की भाषा है, इसके प्रसार के लिए समर्पित भाव से कार्य करना होगा। बरेली कॉलेज के पूर्व हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. एसपी मौर्य ने कहा कि हिंदी के प्रयोग में गर्व का अनुभव करना चाहिए, संकोच का नहीं।
अध्यक्षता कर रहे प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. सुरेश बाबू मिश्रा ने कहा कि वर्चुअल हिंदी आज ग्लोबल भाषा बन गई है। यह विश्व में तीसरी सर्वाधिक बोली जाने वाली भाषा है और लगभग 80 करोड़ लोगों द्वारा बोली जाती है। इस अवसर पर काव्य गोष्ठी भी हुई। कार्यक्रम का संचालन निरुपमा अग्रवाल ने किया और आभार विमलेश चंद्र दीक्षित ने व्यक्त किया। वंदे मातरम के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।




