लायंस क्लब के 51वें अधिष्ठापन समारोह में नई कार्यकारिणी ने संभाली जिम्मेदारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। शहर के दिल्ली रोड स्थित सिटी ग्रीन में लायंस क्लब शामली का 51वां अधिष्ठापन समारोह एवं चार्टर नाइट आयोजित किया गया। समारोह के साथ मंडलाध्यक्ष की आधिकारिक यात्रा भी संपन्न हुई। कार्यक्रम में क्लब की सेवा गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी गई।
समारोह में डॉ. राजीव बंसल ने अध्यक्ष, अनुज गुप्ता ने सचिव और पीयूष संगल ने कोषाध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। नवगठित कार्यकारिणी ने क्लब की सेवा परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समाजहित के कार्यों को गति देने का संकल्प लिया।
इस दौरान जरूरतमंद परिवारों को दो साइकिल और एक सिलाई मशीन प्रदान की गई। समाज और क्लब के प्रति योगदान के लिए सदस्यों को सम्मानित किया गया। क्लब परिवार में नए सदस्यों के रूप में राजीव गोयल, अमित गर्ग और पीयूष बंसल का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में मंडलाध्यक्ष आदित्य गुप्ता, नवनीत अग्रवाल, गिरिराज माहेश्वरी, रविशंकर गर्ग, जोन चेयरपर्सन डॉ. जगमोहन सिंघल, पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अरविंद संगल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे। संचालन पूर्व अध्यक्ष मुकेश कुमार गर्ग एडवोकेट एवं रामकुच्छल ने किया। संयोजक परमेश तायल रहे।



